शहर में बिजली बिल का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक आम उपभोक्ता को अचानक हजारों रुपये का बिल थमा दिया गया। सरवाड़ी गेट के बाहर माली मोहल्ला निवासी शंकरलाल माली के घर का बिजली बिल इस बार 41,998 रुपये आया, जिसे देखकर वे हैरान रह गए। शंकरलाल के अनुसार, उनके घर में केवल चार कमरे, चार पंखे और एक फ्रिज है, और आमतौर पर उनका बिजली बिल 150 से 200 रुपये के बीच ही आता रहा है। लेकिन मार्च माह का बिल अचानक कई गुना बढ़कर पहुंच गया। शिकायत के बाद भी नहीं मिली राहत बिल में भारी बढ़ोतरी देखने के बाद शंकरलाल ने तुरंत बिजली विभाग में शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना है कि समस्या का समाधान करने के बजाय उन्हें कनेक्शन काटने की चेतावनी दी गई, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई। मीटर से छेड़छाड़ का लगाया आरोप उपभोक्ता ने आरोप लगाया है कि उनके बिजली मीटर के साथ छेड़छाड़ की गई है। उन्होंने विभाग को लिखित शिकायत देकर मीटर की तकनीकी जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि बिना किसी ठोस कारण के उन्हें परेशान किया जा रहा है। बिलों में दिखा बड़ा अंतर, बढ़ी चिंता पुराने बिलों की जांच करने पर भी कई असामान्य बातें सामने आई हैं। अलग-अलग महीनों में यूनिट खपत और बिल राशि में काफी अंतर देखा गया है। कहीं कम यूनिट पर ज्यादा बिल, तो कहीं सब्सिडी के बावजूद अचानक बढ़ी हुई राशि ने उपभोक्ता की चिंता बढ़ा दी है। इस मामले में विद्युत विभाग के एईएन गौरव आकोदिया ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और मीटर की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जांच में यदि कोई गड़बड़ी पाई जाती है, तो नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।