दौसा जिले में मानसून ने पूरी तरह दस्तक दे दी है। यहां लगातार दूसरे दिन मंगलवार तड़के करीब 3 बजे से ही कई इलाकों में हल्की से मध्यम तो कहीं-कहीं तेज बारिश का दौर जारी है। रूक-रूक कर हो रही बारिश से नीचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। हालांकि छितराई बारिश के कारण फिलहाल जिलेभर में समानान्तर बरसात नहीं हुई है। ऐसे में घने बादल छाए होने से तेज बारिश की संभावना बनी हुई है। तापमान में गिरावट जिले में बारिश के बाद मौसम सुहावना बना हुआ है। तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को जिले का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं 24 घंटे पूर्व सोमवार को अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इस सप्ताह बारिश के साथ आंशिक रूप से बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है। जबकि तापमान अधिकतम 33 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर बना रह सकता है। बारिश का पूर्वानुमान मौसम विभाग ने राज्य में 9 जुलाई तक भारी से अतिभारी बारिश का दौर जारी रहने का अलर्ट जारी किया है। बंगाल की खड़ी में बने डिप्रेशन सिस्टम और मानसून ट्रफ के दक्षिण-पश्चिम से होकर गुजरने के कारण राजस्थान में अच्छी बारिश की संभावना है।