धौलपुर जिले के सैंपऊ उपखंड क्षेत्र के रजौरा खुर्द गांव में सोमवार रात एक मकान में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। इस घटना में मकान के कई कमरों की छतें गिर गईं और लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। जानकारी के अनुसार मनीराम पुत्र रामदयाल (नई जाति) के मकान में देर रात अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ। आग सबसे पहले कपड़ों में लगी और देखते ही देखते बेडरूम तथा अन्य कमरों में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू मकान में रखे रसोई गैस सिलेंडर के फटने की आशंका के चलते गृहस्वामी और परिवार के सदस्य तुरंत बाहर निकल आए। ग्रामीणों ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के कारण कोई भी पास नहीं जा सका। सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घरेलू सामान जलकर खाक इस आगजनी की घटना में घर के अंदर रखा अनाज, चारपाई, कपड़े और गहने सहित करीब 5 लाख रुपये से अधिक का सामान जलकर राख हो गया। इसमें लगभग सवा लाख रुपए के गहने भी शामिल हैं। घटना के दौरान अग्निशमन वाहन के समय पर नहीं पहुंचने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। स्थानीय सरपंच प्रतिनिधि श्याम परमार ने बताया कि पीड़ित परिवार के पास अब केवल उनके शरीर पर पहने कपड़े ही बचे हैं। पटवारी और ग्राम सचिव ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का सर्वे किया है। इसकी रिपोर्ट उपखंड प्रशासन को भेज दी गई है। यह घटना पीड़ित परिवार के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई है।