राजस्थान हाईकोर्ट के कार्यवाहक चीफ जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा ने कहा कि आमजन की समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए न्यायिक प्रक्रिया में आधुनिक तकनीकों को अपनाना जरूरी है। लेकिन यह भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि तकनीक का उपयोग प्रेक्टिकल और रिजल्ट ऑरिएंटेड हो। वे रविवार को जिले के सांगानेर-तस्वारिया स्थित 62 बीघा भूमि पर नए डिस्ट्रिक्ट कोर्ट परिसर के भूमि पूजन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि ई-कोर्ट, डिजिटल फाइलिंग, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और ऑनलाइन सेवाओं के माध्यम से न्याय प्रणाली को अधिक सुलभ, पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा- नए कोर्ट परिसर में पर्याप्त न्यायालय कक्ष, वकीलों के लिए सुव्यवस्थित चैंबर, डिजिटल रिकॉर्ड प्रबंधन, लाइब्रेरी, प्रतीक्षालय और पार्किंग जैसी व्यवस्थाएं होनी चाहिए, जिससे न्यायिक कार्यों का सुचारू संचालन हो सके। इस मौके पर जिला अभिभाषक संस्था, भीलवाड़ा की वर्ष 2026 की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह भी सम्पन्न हुआ। डिप्टी सीएम ने कहा- न्याय व्यवस्था लोकतंत्र की आधारशिला है
समारोह में डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने कहा- राज्य सरकार ने नए कोर्ट परिसर के लिए भूमि आवंटित की है। ऐसे में यहां भूमि पूजन केवल एक निर्माण कार्य की शुरुआत नहीं है, यह न्याय के मजबूत और सशक्त भविष्य की नींव रखने का संकल्प है। न्याय व्यवस्था लोकतंत्र की आधारशिला है और जब न्याय सुलभ, सुगम एवं प्रभावी होता है, तभी समाज में विश्वास, संतुलन और स्थिरता सुनिश्चित होती है। महिलाओं की बढ़ती सहभागिता सकारात्मक संदेश
इस मौके पर जज पुष्पेंद्र सिंह भाटी ने न्यायिक क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती सहभागिता को सकारात्मक बताया और कहा कि इससे न्याय प्रणाली अधिक समावेशी और सशक्त बन रही हैं। जज फरजंद अली ने युवा वकीलों को पढ़ने और परिश्रम करने के लिए कहा। संस्था के प्रतिनिधि ही नहीं, न्याय के सशक्त प्रहरी है वकील
जज प्रवीर भटनागर ने अभिभाषक संस्था, भीलवाड़ा की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वकील केवल संस्था के प्रतिनिधि ही नहीं, बल्कि न्याय के सशक्त प्रहरी हैं, जो समाज में विधि के शासन और आमजन के अधिकारों की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समाज में न्याय के प्रति विश्वास होगा मजबूत
भीलवाड़ा जिला एवं सेशन न्यायाधीश अभय जैन ने कहा कि 62 बीघा भूमि का आवंटन न्यायिक अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक मजबूत पहल है, यह समाज में न्याय के प्रति विश्वास को और मजबूत करेगा। नवीन न्यायालय परिसर के निर्माण से वर्तमान में स्थानाभाव के कारण उत्पन्न समस्याओं का समाधान होगा और न्यायिक कार्यप्रणाली में गुणात्मक सुधार आएगा। कार्यकारिणी को शपथ दिलाई
इसके बाद अतिथियों ने जिला अभिभाषक संस्था, भीलवाड़ा की नव निर्वाचित कार्यकारिणी को शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण करने वालों में अध्यक्ष उम्मेदसिंह राठौड़, उपाध्यक्ष महिपाल सिंह राणावत, महासचिव पंकज दाधीच, रेवेन्यू महासचिव मनोहर लाल बुनकर, कोषाध्यक्ष रवि गोरानी, सह-सचिव आदित्य सिंह चौहान और पुस्तकालय सचिव प्रताप तेली व मनोनीत कार्यकारिणी सदस्य पंकज पंचोली, राघवेंद्र नाथ व्यास,ओमप्रकाश तेली, वंदना आमेटा, पीरू सिंह गौड़, आनंद शर्मा शामिल रहे। इनकी रही मौजूदगी
कार्यक्रम में शहर विधायक अशोक कोठारी, मांडल विधायक उदयलाल भड़ाना, सहाड़ा विधायक लादूलाल पितलिया, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, शाहपुरा विधायक लालाराम बैरवा, जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू, एसपी धर्मेंद्र यादव के अलावा जिले की समस्त न्यायाधिकरण, अधिवक्तागण, न्यायालय स्टाफ समेत कई प्रबृद्धजनों की मौजूदगी रही।