खैरथल-तिजारा की किशनगढ़बास पुलिस और डीएसटी टीम और रसद विभाग टीम ने गांव कांकरा में संचालित कथित नकली पेट्रोल-डीजल के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक गोदाम से 6510 लीटर ज्वलनशील तरल पदार्थ, एक स्कॉर्पियो वाहन, फर्जी नंबर प्लेट, मोटर पंप, पाइप, माप उपकरण तथा 89 खाली ड्रम जब्त किए हैं। मामले में आरोपी कोशिंद्र गुर्जर निवासी कांकरा के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। कांकरा में छापा मारकर पकड़ा पुलिस के अनुसार जयपुर रेंज के आईजी के मार्गदर्शन तथा जिला पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देशन में डीएसपी लालसिंह यादव, डीएसटी टीम और किशनगढ़बास थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कांकरा गांव स्थित गोदाम पर छापा मारा। सूचना थी कि यहां नकली पेट्रोल और डीजल तैयार कर आसपास के क्षेत्रों में असली पेट्रोल-डीजल बताकर बेचा जा रहा है। गोदाम से मिले ज्वलनशील पदार्थ कार्रवाई के दौरान गोदाम का ताला खुलवाकर तलाशी ली गई, जहां 32 ड्रमों में करीब 6510 लीटर विभिन्न प्रकार के ज्वलनशील तरल पदार्थ मिले। इनमें लगभग 310 लीटर हरे रंग का पेट्रोलियम पदार्थ, 4800 लीटर भूरे रंग का पारदर्शी तरल तथा 1400 लीटर पानी जैसे रंग का ज्वलनशील पदार्थ शामिल है। अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया यह पदार्थ न तो शुद्ध पेट्रोल प्रतीत होता है और न ही डीजल। इसकी वास्तविक प्रकृति का खुलासा फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद होगा। स्कॉर्पियो भी हो जब्त मौके से एक काली स्कॉर्पियो भी बरामद की गई, जिसमें करीब 60 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ, लगभग तीन मीटर लंबी पाइप और पांच लीटर क्षमता का माप पात्र मिला। पुलिस का मानना है कि वाहन का उपयोग अवैध पेट्रोलियम पदार्थ के परिवहन में किया जाता था। इसके अलावा फर्जी नंबर प्लेट, इलेक्ट्रिक मोटर पंप, लेन-देन का हिसाब रखने वाला रजिस्टर और 89 खाली ड्रम भी जब्त किए गए। जिला रसद अधिकारी राकेश सोनी ने बताया- मौके पर इतनी बड़ी मात्रा में पेट्रोलियम पदार्थ के संग्रहण, परिवहन और विक्रय से संबंधित कोई लाइसेंस, अनुमति पत्र अथवा वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। इसलिए पूरी सामग्री को जब्त कर लिया गया। पुलिस ने जिला रसद अधिकारी राकेश सोनी की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी कोशिंद्र गुर्जर के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम व नकली डीजल पेट्रोल बनाने के अपराध में प्रकरण दर्ज किया गया है, जिसमें पुलिस की जांच जारी है।