कोटपूतली के राजकीय एलबीएस पीजी कॉलेज में राजस्थान फिनिशिंग स्कूल प्रोग्राम शुरू किया जा रहा है। आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा राजस्थान द्वारा ये पहल युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाने और उन्हें उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकसित करने के उद्देश्य से की गई है। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आर. के सिंह ने बताया कि इस नए कार्यक्रम से छात्रों को आज सुबह 11 बजे अवगत कराया जाएगा। उन्हें प्रतिस्पर्धी युग में अपने जीवन में नई उमंग और नई पहचान बनाने के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। राजस्थान फिनिशिंग स्कूल प्रोग्राम के प्रभारी डॉ. शीशराम यादव ने बताया- इसका मुख्य उद्देश्य राज्य के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को सॉफ्ट स्किल्स, संचार कौशल, व्यक्तित्व विकास और इंटरव्यू की तैयारी जैसी महत्वपूर्ण क्षमताओं में प्रशिक्षित करना है। इससे वे निजी और सरकारी दोनों क्षेत्रों में बेहतर रोजगार प्राप्त कर सकेंगे। ये प्रशिक्षण केंद्रों के माध्यम से प्रदान किया जाएगा, जहां उद्योग विशेषज्ञ प्रशिक्षुओं को मार्गदर्शन देंगे। इससे युवाओं को कार्यस्थल की वास्तविक आवश्यकताओं को समझने में मदद मिलेगी। प्रशिक्षण के बाद प्लेसमेंट सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। यह कार्यक्रम युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और राज्य की अर्थव्यवस्था को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।