धौलपुर जिले के मनियां थाना क्षेत्र के लूला का पुरा गांव में दूषित खाना खाने से एक ही परिवार के 11 सदस्य फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। सभी को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार, परिवार में दो दिन पहले एक बच्ची का जन्मदिन मनाया गया था। इस अवसर पर घर में पनीर की सब्जी बनाई गई थी। बताया जा रहा है कि रात का बचा हुआ पनीर अगले दिन सुबह परिवार के सदस्यों ने खा लिया। इसके कुछ समय बाद एक-एक कर सभी लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने पर परिजनों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. समरवीर सिंह ने बताया कि लूला का पुरा गांव से 11 मरीज अस्पताल लाए गए थे। प्रारंभिक जांच में सभी को फूड पॉइजनिंग की आशंका के चलते भर्ती कर उपचार शुरू किया गया है। डॉ. सिंह ने पुष्टि की कि सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल सामान्य और स्थिर है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है और स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।