सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले प्रतिभाशाली लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर स्टूडेंटस के लिए अब बड़ी राहत की खबर है। सामाजिक संस्था राउण्ड टेबल इंडिया ने कोचिंग प्लेटफॉर्म अनएकेडमी के साथ मिलकर ऐसे छात्रों के लिए फ्री कोचिंग की पहल शुरू की है, जिससे वे नीट और आईआईटी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे। संस्था लंबे समय से शिक्षा के क्षेत्र में काम कर रही है। अब तक राज्यभर में 1200 से ज्यादा क्लासरूम का निर्माण कर हजारों विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया गया है। इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए अब प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तक सहयोग का दायरा बढ़ाया गया है। कोटा टेबल के चेयरमैन रोहिताब सोनी ने बताया कि इस पहल के तहत मेधावी विद्यार्थियों को कोचिंग पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। कोचिंग के साथ यह करार तीन साल के लिए किया गया है। जिससे सैकड़ों विद्यार्थियों को अपने सपनों को साकार करने का अवसर मिलेगा। एमओयू के तहत पहले चरण में राजस्थान के चित्तौड़गढ़, उदयपुर, जयपुर, कोटा, जोधपुर और भीलवाड़ा सहित कुल 8 शहरों के 22 सरकारी स्कूलों से विद्यार्थियों का चयन परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। इसमें हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यम के छात्र शामिल होंगे। संस्था की ओर से 12वीं के बाद उच्च शिक्षा के लिए भी स्कॉलरशिप योजना शुरू की गई है, जिससे जरूरतमंद विद्यार्थियों को कॉलेज में प्रवेश लेने में आर्थिक सहायता मिल सकेगी। फ्री कोचिंग की पहल में एडमिशन के लिए बच्चों का पहले टेस्ट होगा, जिसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले 30 बच्चों को अनुभवी फैकल्टी द्वारा नियमित कक्षाएं, डाउट सॉल्विंग, टेस्ट सीरीज और परफॉर्मेंस एनालिसिस जैसी सुविधाएं दी जाएंगी। साथ ही काउंसलिंग सपोर्ट भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे बेहतर प्रदर्शन कर सकें।