डूंगरपुर जिले में बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन स्वच्छता’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान-गुजरात के रतनपुर बॉर्डर के पास एक लग्जरी कार से करीब 5 लाख रुपए की अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने कार ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है, जो शराब को गुजरात ले जाने की फिराक में था। मुखबिर की सूचना पर हुई नाकाबंदी बिछीवाड़ा थानाधिकारी कैलाश सोनी ने बताया कि शुक्रवार रात गश्त के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक लग्जरी कार में अवैध शराब भरकर गुजरात ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत राजस्थान-गुजरात सीमा पर रतनपुर बॉर्डर के पास नाकाबंदी कर दी। पुलिस को देखकर भागने लगा ड्राइवर नाकाबंदी के दौरान एक किया सेल्टोस कार को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन ड्राइवर ने पुलिस को चकमा देकर कार भगाने की कोशिश की। इस पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और कुछ दूरी पर कार को रुकवा लिया। तलाशी में मिली 60 कार्टन शराब कार रुकवाने के बाद ड्राइवर से पूछताछ की गई, जिसमें वह घबरा गया। शक के आधार पर पुलिस ने कार की तलाशी ली, तो उसमें राजस्थान निर्मित विभिन्न ब्रांड की 60 कार्टन शराब भरी मिली। इसकी बाजार कीमत करीब 5 लाख रुपये आंकी गई है। कोई वैध कागजात नहीं मिले जांच के दौरान ड्राइवर शराब परिवहन से जुड़े कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर पाया। इसके बाद पुलिस ने शराब से भरी कार को जब्त कर लिया। अहमदाबाद निवासी आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने अहमदाबाद (गुजरात) निवासी राजेश कुमार उर्फ राजू (28) को शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी शराब को गुजरात ले जा रहा था। पूछताछ जारी, और खुलासों की उम्मीद फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि इस मामले में तस्करी के बड़े नेटवर्क का भी खुलासा हो सकता है।