राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर कमजोर पड़ने के साथ ही गर्मी तेज होने लगी है। पश्चिमी जिलों में हीटवेव का दौर शुरू हो गया। इससे जैसलमेर और बाड़मेर में पारा 44 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। दूसरी ओर, राज्य के कुछ जिलों में आंधी-बारिश भी देखने को मिली। नागौर, अजमेर, टोंक और सवाई माधोपुर के इलाकों में शुक्रवार दोपहर बाद मौसम में बदलाव हुआ था। यहां बादल छाए, धूलभरी हवाएं चलीं और हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने 3 जिलों (जैसलमेर, जोधपुर, बाड़मेर) में हीटवेव की चेतावनी जारी की है। साथ ही भरतपुर, धौलपुर, करौली, अलवर के आसपास के क्षेत्रों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। उधर, बूंदी के देई में शुक्रवार शाम को आए अंधड़ ने एक व्यक्ति की जान ले ली। तेज हवा के बीच मकान की दूसरी मंजिल पर कोली मोहल्ला के रहने वाले केसरीलाल महावर (55) टिनशेड संभालने गए थे। बवंडर टिनशेड के साथ केसरीलाल को करीब 80 फीट दूर उड़ा ले गया। वह सीधे मोबाइल टावर से टकराए और नीचे गिर पड़े। अब ये 2 तस्वीर देखिए… ये शहर सबसे ज्यादा गर्म रहे… जैसलमेर, फलोदी, बाड़मेर में हीटवेव पिछले 24 घंटे का मौसम देखें तो पूरे राज्य में मौसम ड्राय रहा। धूप रहने से गर्मी रही। जैसलमेर, फलोदी, बाड़मेर में सबसे ज्यादा गर्मी रही। इन जिलों में हीटवेव भी चली। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस फलोदी में दर्ज हुआ। बाड़मेर में पारा 44.6 और जैसलमेर में 44 डिग्री सेल्सियस रहा। पश्चिमी जिलों के अलावा कोटा, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, उदयपुर में भी दिन में गर्मी तेज रही। चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 43.4, भीलवाड़ा में 41.4, उदयपुर में 41.6, कोटा, बीकानेर में 42, जोधपुर में 42.9, चूरू, श्रीगंगानगर में 40, नागौर, जालोर में 40.7 और पाली में 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। टोंक में बारिश, अजमेर, सवाई माधोपुर में आंधी पश्चिमी और दक्षिणी जिलों में तेज गर्मी के बीच टोंक, अजमेर, सवाई माधोपुर, नागौर और बूंदी के कुछ एरिया में मौसम में बदलाव हुआ। टोंक में दोपहर बाद बादल छाए और धूलभरी हवा चलने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई। बूंदी, नागौर, अजमेर, सवाई माधोपुर के भी कुछ एरिया में बादल छाए और हल्की आंधी चलने से यहां लोगों को गर्मी से राहत मिली। जानिए- कैसा रहेगा मौसम… राजस्थान के प्रमुख शहरों का हाल जयपुर : तापमान में 2 डिग्री की गिरावट राजधानी जयपुर के निवासियों को गर्मी से मामूली राहत मिली है। शुक्रवार को शहर के तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे अधिकतम तापमान 38.5°C पर आ गया। न्यूनतम तापमान 22.4°C रहा। हालांकि दिन के समय धूप का असर बना रहा, लेकिन शहर में चली हल्की हवाओं ने उमस को कम कर दिया, जिससे लोगों को पिछले दिनों के मुकाबले राहत महसूस हुई। उदयपुर : एक ही दिन में 2.3 डिग्री चढ़ा पारा
उदयपुर में शुक्रवार को गर्मी ने अपने तेवर दिखाए। दिनभर तेज धूप और लू का प्रकोप बना रहा। 8 मई को शहर का अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 7 मई के 39.3 डिग्री के मुकाबले 2.3 डिग्री अधिक रहा। इसी तरह न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह 22.0 से बढ़कर 23.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सुबह से ही तीखी धूप के साथ दोपहर बाद चली गर्म हवाओं ने आम जनजीवन को खासा परेशान किया। अजमेर : दिनभर की तपिश, शाम को बूंदाबांदी से मिली राहत अजमेर में शुक्रवार को दिनभर भीषण गर्मी का दौर चला। शाम होते ही मौसम ने करवट ली और धूल भरी आंधी चलने लगी। शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को अधिकतम तापमान 40.4 और न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग ने आने वाले समय के लिए आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है। सीकर : न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री का उछाल सीकर जिले में मई के पहले सप्ताह की ठंडक के बाद अब गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। शुक्रवार को दिनभर तेज धूप के साथ छिटपुट बादल छाए रहे। हल्की हवा भी चली। बादलों की आवाजाही के कारण दिन के अधिकतम तापमान में करीब 1.5 डिग्री की गिरावट आई, जबकि न्यूनतम तापमान 2 डिग्री बढ़कर 23.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। फतेहपुर (सीकर) स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र के अनुसार, दिन का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। कोटा : 42 डिग्री पहुंचा पारा कोटा शहर में गर्मी का सितम लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहने से रात के समय भी गर्मी से खास राहत नहीं मिल रही है। दिनभर तेज धूप और चलती गर्म हवा (लू) के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोग गर्मी से बचने के लिए जतन करते नजर आए। जोधपुर : दिनभर उमस रही जोधपुर शहर में शुक्रवार को भीषण गर्मी और उमस का असर बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार, शहर का अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान से 1.8 डिग्री अधिक है। रात के तापमान में भी बढ़ोतरी देखी गई और न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। यह सामान्य से 1.4 डिग्री ज्यादा रहा। सुबह से ही तेज धूप निकलने और हवा में नमी होने के कारण लोग दिनभर उमस भरी गर्मी से बेहाल नजर आए।
अलवर : ओलावृष्टि के बाद तापमान में गिरावट अलवर जिले में शुक्रवार को मौसम पूरी तरह साफ बना रहा। एक दिन पहले गुरुवार को जिले के कई हिस्सों में हुई ओलावृष्टि और बारिश का असर भी देखने को मिला। शुक्रवार को दिनभर गर्मी का असर काफी कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम रहा।