ब्यावर के बार थाना क्षेत्र में सड़क पर मिले 4 लाख रुपए लौटाकर पप्पूलाल नायक ने ईमानदारी की मिसाल पेश की। पुलिस की त्वरित जांच, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सहयोग से रकम के वास्तविक मालिक की पहचान हुई। इसके बाद पप्पूलाल नायक ने पूरी राशि थाने में उसके मालिक ईद मोहम्मद को सौंप दी। मेहनत की कमाई रास्ते में हुई गुम बार थानाधिकारी के अनुसार, हीरा का बाड़िया निवासी ईद मोहम्मद (43) पुत्र नूर मोहम्मद ट्रक का किराया लेकर ब्यावर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में काले रंग की थैली में रखे 4 लाख रुपए कहीं गिर गए। घटना का पता चलते ही उन्होंने बार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। सीसीटीवी जांच से मिला अहम सुराग शिकायत मिलते ही पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-158 पर ब्यावर से बदनोर तक लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। जांच के दौरान एक बाइक सवार नजर आया, जिसकी पहचान नसिहपुरा (नायकों का बाड़िया) निवासी पप्पूलाल नायक (40) पुत्र भंवरलाल के रूप में हुई। पप्पूलाल ने बताई पूरी घटना पुलिस पूछताछ में पप्पूलाल ने बताया कि 6 जुलाई को ब्यावर से गांव लौटते समय उन्हें जसवंतपुरा टोल के पास सड़क पर काले रंग की थैली मिली थी। थैली में 4 लाख रुपए थे। उन्होंने आसपास के गांवों में पूछताछ कर रकम के वास्तविक मालिक का पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। जांच के बाद लौटाई पूरी रकम जांच अधिकारी राजूराम, जसवंतपुरा टोल प्रबंधन और पुलिस की सूचना संकलन प्रक्रिया से यह पुष्टि हुई कि रकम पप्पूलाल को ही मिली थी। इसके बाद उन्होंने गुरुवार को बार थाने पहुंचकर काले रंग की थैली सहित पूरी राशि ईद मोहम्मद को सौंप दी। ईमानदारी की सराहना पुलिस अधिकारियों ने पप्पूलाल नायक की ईमानदारी की सराहना करते हुए उनके कार्य को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। वहीं, अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने पर ईद मोहम्मद ने पुलिस और पप्पूलाल का आभार व्यक्त किया।