बूंदी के नमाना थाना क्षेत्र के गुंवार गांव के पास स्थित प्राचीन ऐतिहासिक रामबाग तालाब की दीवार को अवैध खननकर्ताओं द्वारा ब्लास्टिंग कर उड़ाने का मामला सामने आया है। आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार को नमाना थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों के अनुसार लोईचा पंचायत क्षेत्र में स्थित रामबाग तालाब रियासतकालीन धरोहर है, जिसे बने हुए 100 साल से भी ज्यादा का समय हो चुका है। यह तालाब न केवल जल स्रोत के रूप में महत्वपूर्ण है, बल्कि क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान भी माना जाता है। बाप-बेटे पर ग्रामीणों ने लगाए आरोप आरोप है कि हाल ही में अवैध खनन में लिप्त मोहन मेवाड़ा और उसके पुत्र महेश मेवाड़ा ने खनन के दौरान विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल किया। इस दौरान तालाब की मजबूत दीवार को उड़ा दिया गया, जिससे तालाब की संरचना को गंभीर नुकसान पहुंचा है। खनिज विभाग ने हालातों का लिया जायजा घटना के बाद गुरुवार को खनिज विभाग के अभियंताओं ने मौके का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। पंचायत प्रशासक भी ग्रामीणों के साथ स्थल पर पहुंचे और नुकसान का आकलन किया। निरीक्षण के दौरान तालाब की क्षतिग्रस्त दीवार और आसपास के क्षेत्र में खनन के स्पष्ट निशान पाए गए, जिससे अवैध गतिविधियों की पुष्टि हुई। एक आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और एक आरोपी को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। घटना से आक्रोशित ग्रामीण भंवरलाल, लटूर लाल भील, विमल कुमार, केसर रामलाल, श्रवण लाल और पांचूलाल ने संयुक्त रूप से थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि यह कृत्य न केवल गैरकानूनी है, बल्कि क्षेत्र की ऐतिहासिक धरोहर को नष्ट करने का गंभीर अपराध भी है। ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। कंटेंट : शिवराज राठौर, नमाना।