अलवर में रविवार को लैब असिस्टेंट (विज्ञान) भर्ती परीक्षा 2026 आयोजित होगी। इस परीक्षा में 21 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। रविवार को सुबह 10:30 बजे से शाम 6:30 बजे तक अलवर होकर कोई भी ट्रेन नहीं चलेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, काली मोरी से खैरथल के बीच तीन अंडरपास का काम होने के कारण इस दौरान मेगा ब्लॉक रहेगा। इस वजह से करीब 10 से 12 ट्रेनों का रूट डायवर्ट किया गया है और ये ट्रेनें रेवाड़ी-फुलेरा होकर निकलेंगी। काम की गति को देखते हुए ब्लॉक के समय में थोड़ा बहुत बदलाव भी हो सकता है। ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे एग्जाम सेंटर तक पहुंचने के लिए पहले से ही यातायात का पुख्ता इंतजाम रखें, ताकि एनवक्त पर किसी परेशानी के कारण परीक्षा से वंचित न रहना पड़े। ट्रेनें बंद रहने से बसों में बढ़ेगा दबाव रविवार को सुबह 10:30 से शाम 6:30 बजे तक ट्रेनें बंद रहेंगी, इसलिए बसों में यात्रियों और परीक्षार्थियों की भारी भीड़ रहने की संभावना है। इससे पहले शुक्रवार को हुई प्रयोगशाला सहायक परीक्षा के दौरान भी दो-तीन ट्रेनों के डायवर्ट होने से बसों में काफी भीड़ देखी गई थी। इस बार प्रयोगशाला सहायक एवं कनिष्ठ प्रयोगशाला सहायक (विज्ञान) संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा-2026 2 पारियों में आयोजित की जाएगी। पहली पारी सुबह 10 से 12 बजे तक और दूसरी पारी दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक होगी, जिसमें कुल 21 हजार 528 अभ्यर्थी भाग्य आजमाएंगे। परीक्षार्थियों के लिए जरूरी गाइडलाइन यह परीक्षा जिला मुख्यालय के साथ-साथ मालाखेड़ा और रामगढ़ उपखंड के कुल 75 केंद्रों पर आयोजित होगी, जिनमें 24 सरकारी और 51 निजी विद्यालय शामिल हैं। एडीएम सिटी बीना महावर ने बताया- महिला अभ्यर्थी सलवार सूट या साड़ी पहनकर परीक्षा दे सकेंगी। वहीं, सिख धर्म के अभ्यर्थियों को कड़ा, कृपाण और पगड़ी धारण करने की अनुमति रहेगी, लेकिन उन्हें गहन जांच के लिए परीक्षा केंद्र पर 2 घंटे पहले पहुंचना अनिवार्य होगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले अभ्यर्थियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।