बाड़मेर जिला मुख्यालय पर शनिवार से राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से लैब असिस्टेंट और जूनियर लैब असिस्टेंट सीधी भर्ती परीक्षा शुरू हुई। जिले के 18 परीक्षा सेंटरों पर दो दिन तक दो-दो पारियों में परीक्षा होगी। परीक्षा शुरू होने से पहले सेंटरों के बाहर परीक्षार्थियों की लंबी लाइनें लगी रहीं। कड़ी चैकिंग के बाद ही एंट्री दी गई। सुबह 10 बजे के बाद सेंटरों पर प्रवेश बंद कर दिया गया। पहली पारी की परीक्षा सुबह 11 बजे शुरू हुई। तस्वीरों में देखें … महिलाओं से उतरवाए बिछिया परीक्षा सेंटरों पर चैकिंग के दौरान जेवर पहनकर पहुंची महिलाओं को रोका गया। कई महिलाओं को बिछिया उतरवाने के बाद अंदर प्रवेश दिया गया। वहीं दुपट्टे भी सेंटर के बाहर रखवाए गए। चैकिंग के बाद ही परीक्षार्थियों को अंदर भेजा गया। ड्रेस को लेकर जारी किए निर्देश आयोग की ओर से बॉयज परीक्षार्थियों को साधारण शर्ट, टी-शर्ट और कुर्ता-पायजामा पहनकर आने की अनुमति दी गई है। वहीं गर्ल्स परीक्षार्थियों को साधारण सलवार सूट, साड़ी या कुर्ती पहनने की अनुमति दी गई। दो दिन में होंगी अलग-अलग पारियों की परीक्षा ADM राजेंद्रसिंह चांदावत ने बताया कि 9 मई को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक लैब असिस्टेंट भूगोल सीधी भर्ती परीक्षा-2026 का आयोजन किया गया। वहीं 10 मई को लैब असिस्टेंट एवं जूनियर लैब असिस्टेंट विज्ञान संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा-2026 होगी। 10 मई को दो पारियों में परीक्षा 10 मई को प्रथम पेपर सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगा। वहीं द्वितीय पेपर दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया जाएगा। बाड़मेर जिला मुख्यालय के 18 परीक्षा सेंटरों पर कुल 5016 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।