राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से प्रयोगशाला सहायक भर्ती परीक्षा शनिवार से शुरू हो गई। पहले दिन भूगोल की परीक्षा थी, जो शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चली इस परीक्षा के लिए जिले में 65 केंद्र बनाए गए थे। पहले दिन कुल 19,992 कैंडिडेट रजिस्टर्ड थे। इनमें से 71 फीसदी यानी करीब 14,246 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। वहीं, 5,746 उम्मीदवार अपसेंट रहे। एग्जाम सेंटर पर अभ्यर्थियों को सुबह 10 बजे तक प्रवेश दिया गया। अभ्यर्थियों को कड़ी जांच के बाद ही अंदर प्रवेश दिया गया। महिला अभ्यर्थियों से उनकी चुन्नियां उतरवाई गईं। परीक्षा को देखते हुए हर केंद्र पर वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई। शहर से सबसे दूर परीक्षा सेंटर 18 किमी दूर कैलाशपुरी गांव में था। बाकि लगभग सेंटर्स शहर के सरकारी और निजी स्कूल-कॉलेज में थे। रविवार को विज्ञान विषय और कनिष्ठ प्रयोगशाला सहायक के पदों के लिए परीक्षा होगी। यह एग्जाम दो पारियों में आयोजित किया जाएगा। पहली पारी सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पारी दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक होगी। 124 केंद्रों पर यह परीक्षा होगी। जहां 39,330 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्थाएं की गई है। जिला प्रशासन ने नकल रोकने और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। सीसीटीवी से निगरानी रखी जा रही एडीएम दीपेंद्र सिंह राठौड़ ने जानकारी दी कि सभी केंद्रों पर फेस ऑथेंटिकेशन और सीसीटीवी से निगरानी रखी जा रही है। हर कमरे में अधिकतम 24 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था है। दो इनविजिलेटर (वीक्षकों) की ड्यूटी लगाई गई है। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। बिना ई-एडमिट कार्ड के एंट्री नहीं मिलेगी। मोबाइल या कोई भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाना पूरी तरह बैन है।