उदयपुर के ऋषभदेव में उगमणा कोटड़ा पंचायत के कदवाल गांव में लेपर्ड ने बाड़े में बंधी चार बाकरियों का शिकार कर मार डाला। घटना शनिवार देर रात की है। लेपर्ड एक बकरी को मारकर साथ ले गया। जबकि तीन बकरियां बाड़े में ही मृत मिली। शव देखकर लग रहा है कि लेपर्ड ने बकरियों की गर्दन को जबड़े से दबाकर मारा। सुबह जब मालिक सुरेश मीणा जागे और बाड़े की तरफ जाकर देखा तो वह हैरान रह गए। उनका कहना था कि उनकी आर्थिक स्थिति कृषि और पशुपालन पर निर्भर है लेकिन चारों बकरियों के शिकार से उन्हें गहरा झटका लगा है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी दो बार घर के आसपास लेपर्ड नजर आ चुका है। अकेले बाहर निकलना और पशुओं कों सुरक्षित रखना हुआ मुश्किल सूचना पर वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और पंचनामा तैयार किया। इधर, घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल हो गया है। ग्रामीणों के लिए रात के समय अकेले बाहर निकलना और बाड़े में पशुओं को सुरक्षित रखना मुश्किल हो गया है। उन्होंने वन विभाग से पिंजरा लगाकर लेपर्ड को पकड़ने की मांग की है। बतादें, आसपास पहाड़ी और जंगल होने से यहां लेपर्ड का खासा मूवमेंट है।