बांसवाड़ा के सज्जनगढ़ थाना क्षेत्र के हेतमाल गांव के पास पिछले महीने हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल व बाइक की चाबी बरामद कर ली है। चाकू दिखाकर की थी लूट घटनाक्रम के अनुसार, 22 मार्च 2026 की रात करीब 11 बजे परिवादी रोशन अली अपनी कंपनी की बाइक से साथियों को लेने जा रहा था। इसी दौरान हेतमाल के पास दो बाइकों पर सवार होकर आए चार बदमाशों ने उसे रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने रोशन अली की गर्दन पर चाकू रखकर जान से मारने की धमकी दी और उसका विवो कंपनी का मोबाइल, 1000 रुपए नकद और बाइक की चाबी लूटकर फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सुधीर जोशी के निर्देशन में थानाधिकारी धनपत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिरों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर दबिश दी। दो आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गराड़िया निवासी दिलु उर्फ दिलीप (23) पुत्र राजू बामनिया, शैलेश उर्फ शैलेन्द्र (20) दो युवकों को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी धनपत सिंह ने बताया- आरोपियों से पूछताछ जारी है। प्रारंभिक जांच में लूटा गया सामान बरामद कर लिया गया है, जबकि अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।