उदयपुर के झाड़ोल स्थित मानसी वाकल बांध में डूबने से रेस्टोरेंट मालिक की मौत हो गई। रेस्टोरेंट मालिक अपने दोस्तों के साथ बांध पर नहाने गया था। जब एक दोस्त गहरे पानी में डूबने लगा, तो युवक ने उसे बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी। उसने दोस्त की जान तो बचा ली, लेकिन खुद को नहीं बचा सका। यह हादसा शनिवार सुबह करीब 11.30 बजे हुआ। थानाधिकारी फैलीराम ने बताया- हादसे में मोहन थापा (26) की मौत हो गई है। मोहन नेपाल के गुल्मी जिले के रामघास का रहने वाला था और झाड़ोल में ही 'एमडी चाइनीज रेस्टोरेंट' चलाता था। शनिवार को वह अपने पांच साथियों और रेस्टोरेंट स्टाफ के साथ बांध पर पिकनिक मनाने गया था। पुलिस ने शव को उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया गया है। नेपाल में रहने वाले मोहन के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। दोस्त को बचाने के लिए लगाई थी छलांग मोहन थापा के दोस्त मिलन ने बताया- मैं नहाते-नहाते गहरे पानी में चला गया था। जब मैं डूबने लगा तो मोहन ने मुझे बचाने के लिए तुरंत छलांग लगा दी। मोहन ने संघर्ष करके मुझे तो सुरक्षित बाहर की तरफ धकेल दिया, लेकिन वह खुद को नहीं बचा सका। 30 मिनट तक अपने स्तर पर ढूंढा मिलन के अनुसार, मोहन के डूबते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। मेरी साथियों ने करीब 30 मिनट तक अपने स्तर पर उसे पानी में ढूंढने की काफी कोशिश की, लेकिन पानी गहरा होने की वजह से उसका कोई पता नहीं चल पाया। ढाई घंटे चला सर्च ऑपरेशन हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे गोताखोरों और ग्रामीणों ने मिलकर संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर 2 बजे मोहन का शव पानी से बाहर निकाला जा सका। इनपुट- दुष्यंत पूर्बिया, झाड़ोल।