जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह के निर्देश पर आज जिले के विभिन्न राजकीय विद्यालयों में मिड डे मील का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उपखंड अधिकारी, विकास अधिकारी, तहसीलदार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों ने खाने की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं की जांच की। उपखंड अधिकारी पूजा चौधरी ने राजकीय प्राथमिक स्कूल बावरियों की ढाणी और राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल बिठरी का निरीक्षण किया। उन्होंने रसोईघर की साफ-सफाई, खाद्यान्न भंडारण तथा भोजन वितरण प्रक्रिया का अवलोकन किया। इसी क्रम में लोहावट उपखंड अधिकारी रवि प्रकाश ने राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल साथरी और बापिणी उपखंड अधिकारी अमिता विश्नोई ने राजकीय स्कूल मतोडा का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान, अधिकारियों ने स्टूडेंट्स से बात कर उन्हें मिल रहे खाने की गुणवत्ता, स्वाद और नियमितता के संबंध में प्रतिक्रिया ली। उन्होंने रसोईघर की स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, भोजन पकाने के बर्तनों की साफ-सफाई और खाद्यान्न के सुरक्षित भंडारण की स्थिति का भी जायजा लिया। जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह ने सभी संबंधित कार्मिकों को निर्देश दिए कि विद्यालयों में निर्धारित मेन्यू के अनुसार समय पर गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने नियमित निरीक्षण और प्रभावी समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए।