बूंदी जिले के रायथल थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की ने अपनी शादी रुकवाने के लिए जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन से मदद मांगी। उसकी शादी 20 अप्रैल को तय की गई थी। शनिवार को कलेक्ट्रेट पहुंची नाबालिग ने कार्यवाहक कलेक्टर रामकिशोर मीणा के सामने अपनी आपबीती सुनाई। नाबालिग ने आरोप लगाया कि उसके पिता ने शराब की लत के कारण उसका 4 लाख रुपए में सौदा कर दिया था। उसकी 40 वर्षीय व्यक्ति से जबरन शादी कराई जा रही थी। चाइल्ड लाइफ टीम ने सुरक्षित हिरासत में लिया मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्यवाहक कलेक्टर रामकिशोर मीणा ने तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि बालिका के दस्तावेजों की जांच में वह नाबालिग पाई गई। प्रशासन ने बालिका को चाइल्ड लाइफ टीम के सुपुर्द कर दिया। चाइल्ड लाइफ के जिला समन्वयक रामनारायण गुर्जर ने बताया कि टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बालिका को सुरक्षित हिरासत में लिया। इसके बाद कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई और उसे बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष सीमा पोद्दार के समक्ष पेश किया गया। 20 अप्रैल तक चाइल्ड लाइफ की सुरक्षा में रहेगी नाबालिग प्रारंभिक जांच में यह मामला केवल बाल विवाह का नहीं, बल्कि पैसे लेकर नाबालिग की शादी कराने जैसे गंभीर अपराध से भी जुड़ा पाया गया है। रामनारायण गुर्जर ने आगे बताया कि फिलहाल बालिका को 20 अप्रैल तक चाइल्ड लाइफ की सुरक्षा हिरासत में रखा गया है। पूरे मामले की गहन जांच जारी है। कोतवाली थाना प्रभारी रमेश आर्य ने जानकारी दी कि कलेक्ट्रेट से सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। संबंधित थाना पुलिस इस मामले में आगे की कार्यवाही करेगी।