5 लाख के जीरे के लालच में पड़ोसी ने महिला के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस को शक न हो, इसलिए आरोपी पुलिस की जांच में सहयोग का दिखावा करता रहा। मोबाइल टावर से रिकॉर्ड निकाला तो पड़ोसी युवक पर शक गहराया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पूरी कहानी बयां कर दी। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरा मामला जैसलमेर से करीब 100 किमी दूर झिनझिनयाली थाना क्षेत्र के बीरे की ढाणी का है। खिड़की से सटाकर दागी गोली, जबड़ा टूटा और आंख बाहर निकली पुलिस के अनुसार, हथु देवी (50) के पति अमराराम 21 अप्रैल की रात शादी समारोह में गए थे। घर में हथु देवी अकेली थी। पड़ोसी हेम सिंह (25) को इसकी जानकारी थी। घर में रखे करीब 30 बोरी जीरे पर उसकी नजर थी। वह अवैध बंदूक लेकर चोरी की नीयत से अमराराम के घर के पास पहुंचा। इस दौरान हथु देवी जग रही थीं। उनके आहट लगी तो वह कमरे के अंदर सोने चली गईं। पहचाने जाने के डर से हेम सिंह ने कमरे की खिड़की से बेहद नजदीक से फायर किया। छर्रे सिर और गले में धंस गए, जिससे चेहरा क्षत-विक्षत हो गया और मौके पर ही मौत हो गई। 22 अप्रैल की सुबह अमराराम घर लौटे तो पत्नी की लाश मिली। पुलिस को पिलाई चाय, ताकि शक न हो हत्या के बाद हेम सिंह घबरा गया और जीरा चोरी नहीं कर सका। मामले को लूट का रूप देने के लिए उसने घर के बाहर खड़ा ट्रैक्टर को लेकर 8 किलोमीटर दूर लेकर गया और लावारिस छोड़ दिया। अगले दिन वह खुद घटनास्थल पर पहुंचा और पुलिसकर्मियों को चाय-पानी पिलाकर मदद का दिखावा करता रहा। उसने रेत से अपने पैरों और ट्रैक्टर के निशान भी मिटाने की कोशिश की। मोबाइल लोकेशन और व्यवहार ने पहुंचाया सलाखों के पीछे एसपी अभिषेक शिवहरे के निर्देशन में मामले की जांच चल रही थी। पुलिस को हेम सिंह का व्यवहार संदिग्ध लगा। घर में गहने सुरक्षित थे, जिससे पुलिस को लूट की कहानी पर शक हुआ। मोबाइल टावर लोकेशन में हेम सिंह की मौजूदगी घटनास्थल के पास मिली। पुलिस की सख्ती के आगे वह टूट गया और जुर्म कबूल कर लिया। नशे की लत और कर्ज का दबाव जांच में सामने आया कि हेम सिंह शराब का आदी है। उस पर भारी कर्ज है। पड़ोसी के घर में रखे 5-6 लाख रुपए की कीमत के जीरे को देखकर उसकी नीयत बिगड़ गई थी। पूर्व में भी जीरे की खरीद-फरोख्त को लेकर उसका अमराराम से विवाद हुआ था। जानकारी के अनुसार आरोपी ने लूट का नाटक रचने के लिए ट्रैक्टर चोरी किया था, लेकिन मोबाइल लोकेशन और तकनीकी सबूतों ने सच सामने ला दिया। आरोपी गिरफ्तार है और हथियार बरामदगी के प्रयास जारी हैं। ----------- यह खबर भी पढ़िए… जैसलमेर में महिला की गोली मारकर की थी हत्या, सिर और गले में मिले छर्रे जैसलमेर में एक घर में किसान की पत्नी की मंगलवार रात को हत्या कर दी गई थी। बुधवार सुबह जब महिला हथु देवी (50) का पति अमराराम घर पहुंचा तो घर में पत्नी की लाश देखी। (यहां पढ़ें पूरी खबर)