उदयपुर के नेशनल हाईवे 58 ई अचानक सामने नील गाय आने से एक बाइक सवार बेकाबू होकर गिर गया। जिससे युवक के सिर और छाती पर गंभीर चोट लगने से वह बेहोश हो गया। घटना मंगलवार देर रात करीब 10 बजे नाई थाना क्षेत्र में चोकड़िया गांव स्थित नेशनल हाईवे 58-ई की है। हादसे के बाद आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। कॉन्स्टेबल गिरधारी प्रजापत और पप्पू मीणा ने गांव के ही एक व्यक्ति की मदद लेकर घायल को तुरंत नाई हॉस्पिटल पहुंचाया। साथ ही परिजनों को सूचना दी गई। हालत गंभीर होने पर युवक को एमबी हॉस्पिटल रेफर किया गया। घायल के सिर में चार टांके आए हैं वहीं छाती में गहरी चोट है। हलवाई का काम करके वापस घर लौट रहे थे नरेश भाकरिया ने बताया कि मेरे अंकल जगमाल पिता राम भाकरिया निवासी कीरत हलवाई का काम करते हैं। वे उदयपुर शहर में शादी समारोह में काम करके वापस घर लौट रहे थे। हॉस्पिटल में होश में आने पर उन्होंने भतीजे नरेश को बताया कि रोड पर सामने अचानक नील गाय आ गई थी। तभी अचानक बाइक को रोककर बचाव करने के चक्कर में बैलेंस बिगड़ गया। तेज स्पीड में होने के चलते सड़क पर सिर के बल गिरे, जिससे गंभीर चोट आई।