प्रेमी की शादी का कार्ड देखकर नर्सिंग छात्रा ने सुसाइड कर लिया। छात्रा ने मरने से पहले देर रात इंस्टाग्राम पर एक स्टेटस लगाया, जिसमें लिखा- अगर मैं मर जाऊं तो रोना मत.. खुश रहना, सोचना एक टेंशन कम हुई। मामला बांसवाड़ा के कसारवाड़ी थाना क्षेत्र का है। शनिवार सुबह 7 बजे तक लक्ष्मी (19) कमरे से बाहर नहीं आई तो उसकी भाभी उसे बुलाने पहुंची। देखा तो लक्ष्मी कमरे में चुन्नी के फंदे से लटक रही थी। भाभी के शोर मचाने पर परिवार के अन्य सदस्य कमरे में पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस कर्मियों ने शव को फंदे से उतारकर मॉर्च्युरी में भिजवाया। पुलिस का कहना है कि परिजनों ने अभी तक कोई रिपोर्ट नहीं दी है। शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। मृतका के परिवार के अधिकांश लोग उदयपुर में रहते हैं। वह 23 अप्रैल को ही उदयपुर से बांसवाड़ा आई थी। दो दिन पहले ही घर आई थी थानाधिकारी राजवीर सिंह ने बताया कि लक्ष्मी (19) अलवर के एक वेटरनरी कॉलेज से डिप्लोमा कोर्स कर रही थी। लक्ष्मी का करीब 4 साल से एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस दौरान प्रेमी की शादी किसी दूसरी जगह तय हो गई। यह बात लक्ष्मी ने शुक्रवार दिन में ही अपनी भाभी को बताई थी। कहा था कि लड़के की शादी 27 अप्रैल को होनी है। प्रेमी की शादी का कार्ड देखकर लगा था सदमा ​परिजनों ने बताया- लक्ष्मी जिस युवक से प्रेम करती थी वह 2 दिन पहले मेरे घर के पास एक लड़के को अपनी शादी का कार्ड देकर गया था। उसने कहा था कि यह कार्ड लक्ष्मी को दे देना। ​ प्रेमी की शादी का कार्ड देखने के बाद से लक्ष्मी सदमे में थी। ​शुक्रवार रात परिवार के लोग आंगन में सो रहे थे। लक्ष्मी ने कहा कि उसे डर लग रहा है। इसके बाद वह कमरे में सोने चली गई। सुबह जब देर तक बाहर नहीं आई तो भाभी उसे बुलाने पहुंची, कमरे में देखा तो वह फंदे से लटक रही थी। थानाधिकारी बोले- अभी तक परिजनों ने रिपोर्ट नहीं दी है थानाधिकारी राजवीर सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे थे। शव को कब्जे में लेकर मॉर्च्युरी में रखवाया है। परिजनों ने अभी तक कोई रिपोर्ट नहीं दी है। शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है।