जयपुर सहित राजस्थान में ऑनलाइन सामान बेचने वाले छोटे कारोबारियों के लिए अब बिक्री करना पहले से आसान हो सकता है। अमेजन ने कम कीमत वाले उत्पादों पर लगने वाली रेफरल फीस हटाने का दायरा बढ़ाया है। पहले यह सुविधा 300 रुपए तक के उत्पादों पर थी, लेकिन अब 1,000 रुपए तक के उत्पादों को इसमें शामिल किया गया है। इससे कम कीमत का सामान बेचने वाले विक्रेताओं की लागत कम होने लगी है। इस बदलाव का असर खासतौर पर उन कारोबारियों पर दिख रहा है, जो घर में इस्तेमाल होने वाला सामान, कपड़े, रसोई से जुड़े उत्पाद और छोटे घरेलू आइटम ऑनलाइन बेचते हैं। फीस कम होने से विक्रेताओं के लिए सामान लिस्टींग करना और बिक्री बढ़ाना आसान हो रहा है। साथ ही ग्राहक भी कम कीमत में उत्पाद खरीद पा रहे हैं। राजस्थान में तेजी से बढ़ रहे ऑनलाइन विक्रेता कंपनी के सीनियर प्रोडक्ट मैनेजमेंट समीर ललवानी ने बताया - राजस्थान में 1.47 लाख से ज्यादा विक्रेता इस प्लेटफॉर्म से जुड़े हुए हैं। नए सेलर्स के रजिस्ट्रेशन में पिछले एक साल में 77 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। होम डेकोरशन से जुड़े सामान, कपड़े, किचन प्रोडक्ट और फर्नीचर जैसी श्रेणियां राज्य में सबसे ज्यादा बिकने वाले उत्पादों में शामिल हैं। फीस कम होने से छोटे कारोबारियों की लागत घट रही है, जिससे वे बाजार में प्रतिस्पर्धी कीमत रख पा रहे हैं। कम खर्च में कारोबार बढ़ाने का मौका समीर ललवानी ने बताया - फीस में बदलाव के बाद जयपुर, उदयपुर और जोधपुर जैसे शहरों के विक्रेता अपने उत्पादों की संख्या बढ़ा रहे हैं। उनका कहना है कि कम शुल्क से छोटे कारोबारियों को ऑनलाइन कारोबार शुरू करने और उसे आगे बढ़ाने में मदद मिल रही है। डिजिटल टूल्स की मदद से कीमत तय करने, प्रोडक्ट्स की लिस्ट तैयार करने और ग्राहकों तक पहुंच आसान हो रही है। डिलीवरी नेटवर्क मजबूत होने से बढ़ी पहुंच समीर ललवानी ने बताया - राजस्थान में तेज डिलीवरी व्यवस्था के लिए कंपनी ने अपने नेटवर्क का विस्तार किया है। राज्य में 2 फुलफिलमेंट सेंटर, 1 सॉर्टेशन सेंटर, करीब 106 डिलीवरी स्टेशन और 474 से ज्यादा स्थानीय डिलीवरी पार्टनर काम कर रहे हैं। इससे छोटे शहरों और कस्बों के विक्रेताओं को बड़े बाजार तक पहुंचने का मौका मिल रहा है और ग्राहकों तक सामान जल्दी पहुंच रहा है।