पाली शहर में सोमनाथ मंदिर के पास शुक्रवार अलसुबह एक रेडिमेड कपड़ों की शॉप में शार्ट सर्किट से आग लग गई। सुबह करीब साढ़े चार बजे लगी इस आग की सूचना नाइट गश्त पर तैनात होमगार्ड जवान ने दी, जिसके बाद पुलिस और फायर बिग्रेड मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक लाखों रुपए का समान जल चुका था। कोतवाली थाने के एएसआई जगदीशचंद्र के अनुसार सोमनाथ मंदिर के पास आशया गारमेंट नाम से शॉप में आग लगी। नाइट गश्त पर तैनात होमगार्ड जवान चंद्रकांत ने धुआं उठता देखा और तुरंत सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और तीन फायर बिग्रेड मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आग आसपास की दुकानों तक नहीं फैल सकी। कपड़े और अन्य सामान जलकर नष्ट आग लगने से शॉप में रखे कपड़े और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट सामने आया है। नुकसान लाखों रुपए का बताया जा रहा है। मामले की जांच जारी पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है, ताकि आग लगने के कारणों की पुष्टि की जा सके।