पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने हाल ही में हुए शिक्षकों को तबादलों को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुभाष महरिया पर हमला बोला। डोटासरा ने कहा कि महरिया की राजनीति हमेशा से लोगों को प्रताड़ित और परेशान करके गुलाम बनाने की रही है। उन्होंने लक्ष्मणगढ़ में बड़ी संख्या में शिक्षकों के तबादलों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक आधार पर लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र के करीब 85 प्रतिशत शिक्षकों का तबादला कर दिया गया है। पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा अपने सीकर आवास पर गुरुवार को मीडिया से बातचीत के दौरान बोल रहे थे। राजनीतिक द्वेषता से हो रहे ट्रांसफर पीसीसी चीफ गोविंद डोटासरा ने कहा कि कोई भी सरकार हो वह ट्रांसफर करती है। जो अपनी इच्छा से ट्रांसफर करवाना चाहते हैं, उनको प्राथमिकता मिलती है। कुछ लोगों का ट्रांसफर प्रशासनिक आधार पर भी होता है। लेकिन टीचर के ट्रांसफर के लिए प्रशासनिक कारण वही होता है, तब कहीं पर कोई सब्जेक्ट का टीचर नहीं होता है और वहां पर स्टूडेंट ज्यादा है तो टीचर को उस जगह भेजा जाता है। कम स्टूडेंट वाली स्कूल से ज्यादा स्टूडेंट वाली स्कूल में टीचर को भेजा जाता है। लेकिन यह सरकार बनने के बाद प्रिंसिपल के ट्रांसफर हो, लेक्चरर के ट्रांसफर हो, सेकेंड ग्रेड के ट्रांसफर हो सभी राजनीतिक द्वेषता से हो रहे है। जिनमें जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है। टीचर्स को परेशान और प्रताड़ित करने के लिए दूर किया जा रहा ट्रांसफर डोटासरा ने कहा कि हाल ही में सेकेंड ग्रेड की जो लिस्ट आई है, उसमें करीब 7 हजार ट्रांसफर सरकार और मंत्री के द्वारा किए गए हैं। शिक्षा के चूरू मंडल में जो ट्रांसफर हुए हैं, उनमें करीब 400 का ट्रांसफर तो प्रशासनिक आधार पर हुआ है। मंत्री मदन दिलावर की लक्ष्मणगढ़ में विशेष कृपा रही। जो 400 ट्रांसफर हुए उसमें से 174 ट्रांसफर तो अकेले लक्ष्मणगढ़ के हैं। इनमें से 147 तो प्रशासनिक आधार पर है। करीब 85% ट्रांसफर प्रशासनिक आधार पर हुए हैं। पहले जब प्रिंसिपल की लिस्ट आई थी तब उसमें भी करीब इतने ही ट्रांसफर प्रशासनिक आधार पर किए गए थे। जानबूझकर टीचर्स को परेशान और प्रताड़ित करने के लिए दूर उनका ट्रांसफर किया जा रहा है। लक्ष्मणगढ़ में अभी 50% सेकेंड ग्रेड टीचर्स के पद खाली डोटासरा ने सीएम पर निशाना साधते हुए कहा कि मेरे विधानसभा क्षेत्र लक्ष्मणगढ़ में अभी 50% सेकेंड ग्रेड टीचर्स के पद खाली है। मैंने इस बारे में मुख्यमंत्री को भी लेटर लिखा है कि क्या यही आपकी शिक्षा नीति है। सार्वजनिक शिक्षा को मजबूत करने का आपका यही रोडमैप है क्या। मंत्री पर या तो आपका कंट्रोल नहीं है। या फिर पर्दे के पीछे से RSS ऐसा कर रही है। लोगों को प्रताड़ित करना उनकी हमेशा से आदत रही है। उनकी हमेशा से नीति रही है कि सामने आओ मत और पीछे से वार करो। जब 50% पोस्ट खाली है तो फिर प्रशासनिक आधार पर ट्रांसफर करने का क्या मतलब है। इन ट्रांसफर के बाद अब लोग जाएंगे कोर्ट डोटासरा ने कहा कि हम पूरे प्रदेश लेवल पर इसका सर्वे करवा रहे हैं और लोगों से फीडबैक ले रहे हैं। अब इन ट्रांसफर के बाद लोग कोर्ट में जाएंगे। शेखावाटी और जयपुर संभाग के करीब 1000 से ज्यादा लोग अपने ट्रांसफर पर स्टे लेकर बैठे हैं। इस सरकार ने तो यह भी नहीं देखा कि कोई कैंसर पीड़ित है या फिर पति-पत्नी प्रकरण है। महरिया की लोगों को गुलाम बनाने की राजनीति डोटासरा ने कहा कि मेरे ऊपर तो मेहरबानी मंत्री मदन दिलावर और सुभाष महरिया की रही है। क्योंकि महरिया की राजनीति हमेशा से यही रही है कि लोगों को प्रताड़ित करो, परेशान करो और अपना गुलाम बनाओ। गुलाम बनाकर उन्हें कहो कि दूसरी तरफ देख लिया तो मैं ठीक कर दूंगा। वह तो विधानसभा में बोलते भी थे कि मैं बाड़मेर टिका दूंगा या जैसलमेर टिका दूंगा। अब मंडल से बाहर तो भेज नहीं सकते। ट्रांसफर करना गलत नहीं है, लेकिन ट्रांसफर राजनीतिक द्वेषता से नहीं होने चाहिए। डोटासरा बोले- शिक्षकों की लड़ाई हम लड़ेंगे डोटासरा ने कहा कि जब मैं शिक्षा मंत्री था तो राजस्थान में 2-4 प्रतिशत से ज्यादा प्रशासनिक आधार पर ट्रांसफर नहीं हुए थे। मैं तमाम शिक्षकों से कहना चाहता हूं कि आपको घबराने की जरूरत नहीं है,आपकी लड़ाई हम लड़ेंगे। इससे वोट देने का कोई संबंध भी नहीं है।