जनसंख्या स्थायित्व के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए बूंदी जिले ने प्रदेशभर में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। साल 2025-26 के राज्य स्तरीय प्रोत्साहन पुरस्कारों में तालेड़ा ब्लॉक ने राजस्थान में पहला स्थान हासिल किया है, जबकि ग्राम पंचायत ठीकरीया कलां तीसरे स्थान पर रही। समग्र जिला रैंकिंग में बूंदी ने प्रदेश में 10वां स्थान प्राप्त किया है। इन उपलब्धियों के लिए जिले की संस्थाओं को 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस पर राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। तालेड़ा बना प्रदेश का नंबर-1 चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण सेवाएं निदेशालय द्वारा जारी चयन सूची के अनुसार, जनसंख्या स्थायित्व के क्षेत्र में आशान्वित ब्लॉक तालेड़ा ने पूरे राजस्थान में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर ब्लॉक को प्रशस्ति पत्र के साथ 2 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। ठीकरीया कलां सहित कई संस्थाओं का शानदार प्रदर्शन तालेड़ा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत ठीकरीया कलां ने राज्य स्तर पर तीसरा स्थान हासिल किया है। पंचायत को प्रशस्ति पत्र के साथ 3 लाख रुपए का पुरस्कार मिलेगा। समग्र जिला रैंकिंग में बूंदी ने प्रदेश में 10वां स्थान प्राप्त किया है। इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुरा तथा ग्राम पंचायत जावटीकलां, जैतपुर, चतरगंज और सुमण्डी को भी उत्कृष्ट कार्य के लिए चयनित किया गया है। 11 जुलाई को होगा राज्य स्तरीय सम्मान समारोह मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओपी सामर ने बताया कि विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर 11 जुलाई को स्वास्थ्य भवन सभागार से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय वर्चुअल समारोह आयोजित होगा। इस साल की थीम "जब बच्चों में सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल" रखी गई है। वीसी के जरिए सम्मान ग्रहण करेंगे प्रतिनिधि समारोह में बूंदी जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, बीसीएमओ, संबंधित पंचायत समितियों एवं ग्राम पंचायतों के प्रशासक, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, एएनएम तथा व्यक्तिगत श्रेणी के चयनित प्रतिभागी जिला कलेक्टर परिसर स्थित वीसी रूम से वर्चुअली जुड़कर सम्मान प्राप्त करेंगे।