राजस्थान में कल से एक नया वेदर सिस्टम एक्टिव होगा। इसके असर से 13 जिलों में आंधी के साथ तेज बारिश का अलर्ट है। यहां ओले गिरने की भी चेतावनी मौसम विज्ञान केंद्र ने जारी की है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से शनिवार को भी मौसम में बड़ा बदलाव हुआ। कई जिलों में देर शाम घने बादल छाए, तेज हवा चलने के साथ बारिश और ओले गिरे। उदयपुर में 32MM से ज्यादा बरसात हुई। इससे किसानों को भारी नुकसान हुआ। वहीं, इन एरिया में तापमान में भी गिरावट हुई। इन जिलों में हुई बारिश पिछले 24 घंटे में जयपुर, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, दौसा, करौली, बारां, बूंदी, कोटा, टोंक, झालावाड़, गंगानगर और हनुमानगढ़ के एरिया में बारिश हुई। बारां, बूंदी, दौसा टोंक, गंगानगर में कई स्थानों पर शनिवार को ओले गिरे। शनिवार को सबसे ज्यादा बरसात उदयपुर के कोटडा एरिया में 32MM (1 इंच से ज्यादा) में दर्ज हुई। पारा सामान्य से 5 डिग्री नीचे मौसम के इस बदलाव के बाद इन एरिया में देर शाम ठंडक बढ़ गई। शनिवार दिन का सबसे अधिक अधिकतम तापमान चित्तौड़गढ़ में 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जोधपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस, जैसलमेर में 5.6, फलोदी में 5.1, बीकानेर में 5, चूरू में 4.7, गंगानगर, जयपुर में 4.6, उदयपुर में 4.5 और अजमेर में 5.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज हुआ। आज बारिश की संभावना कम राजस्थान में लगातार दो दिन से गिर रहे ओले और बारिश से आज राहत की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में 5 अप्रैल को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर कम रहेगा। वहीं, 6 अप्रैल से एक नया स्ट्रांग सिस्टम एक्टिव होगा। इस कारण तेज बारिश हो सकती है। केंद्र ने 4 जिलों में ऑरेंज और 9 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। नए सिस्टम का असर 8 अप्रैल तक रहेगा। क्यों मार्च में हो रही है इतनी ज्यादा बरसात? मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मार्च-अप्रैल में आमतौर पर इतने ज्यादा विक्षोभ नहीं बनते। इनका असर उत्तर भारत में देखा जाता है। इस बार इनकी स्थिति उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से मिली भरपूर नमी के कारण जमकर आंधी-बारिश हुई। दोपहर बाद ही आंधी-ओले-बारिश क्यों? जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि विक्षोभ सिस्टम सक्रिय होने के बाद आमतौर पर दोपहर बाद आंधी और बारिश होती है। दिन में बढ़ता तापमान इस सिस्टम को ऊर्जा देता है, इसलिए दोपहर के बाद ही ओले और बारिश का दौर शुरू होता है।