चित्तौड़गढ़ जिले के नरधारी गांव के पास चित्तौड़गढ़-उदयपुर नेशनल हाईवे पर फॉर्च्यूनर कार ओवरटेक करते समय ट्रक से टकरा गई। भीषण टक्कर में कार की एक साइड क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक 13 साल की लड़की समेत तीन लोग गंभीर घायल हो गए। घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया, दो रेफर हादसे के बाद मौके पर पहुंची भादसोड़ा थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत जिला हॉस्पिटल पहुंचाया। यहां प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत में एक लड़की और उसके पिता को उदयपुर रेफर कर दिया गया। वहीं एक अन्य घायल का इलाज जिला हॉस्पिटल में ही जारी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक को सुचारु करवाया। हादसे के बाद कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य किया गया। परिवार घूमने निकला था जानकारी के अनुसार- सभी लोग हरियाणा के सोनीपत से शनिवार सुबह ही घूमने के लिए निकले थे। वे रविवार को उदयपुर घूमने के बाद माउंट आबू जाने की योजना बना रहे थे। लेकिन रास्ते में ही हादसा हो गया। हादसे में सोनिया (33) पत्नी पदम गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पदम गुप्ता (35), सुमित डांगी (35) और अंशिका (12) घायल हो गए। बताया जा रहा है कि कार में अन्य बच्चे निष्ठा, तान्या, शीनू और भव्या भी मौजूद थे, जो सुरक्षित हैं। उनके साथ ही सुमित की वाइफ पूजा भी थी, वो भी सुरक्षित है। ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब पदम गुप्ता कार चला रहे थे और उन्होंने ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान साइड में पर्याप्त जगह नहीं मिलने के कारण कार ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। फिलहाल मृतका का शव जिला हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया गया है। बताया जा रहा है सुमित और पदम दोनों दोस्त है और अपने परिवार के साथ घूमने आए थे। हॉस्पिटल में सदर पुलिस भी पहुंची। इनपुट सहयोग - विष्णु आचार्य।