जयपुर के SMS स्टेडियम में आज शाम राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मुकाबला होने जा रहा है। IPL मैच को देखते हुए शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में भी बड़ा बदलाव किया गया है मैच के दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्ट रहेगा। वहीं स्टेडियम के चारों ओर नो-पार्किंग जोन रहेगा। दर्शकों और वीआईपी के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था की गई है। क्रिकेट मैच खत्म होने तक जयपुर शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि एम्बुलेंस और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को निर्बाध आवागमन की अनुमति रहेगी। IPL मैच के दौरान ये होगी ट्रैफिक व्यवस्था शहर के इन प्रमुख मार्गों पर होगा यातायात डायवर्ट मैच के दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्ट रहेगा। यूनिवर्सिटी गेट से यूनिवर्सिटी मोड टोंक रोड की ओर आने वाले सामान्य यातायात को जनता स्टोर से वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा। टोंक रोड पर वाहनों का दबाव बढ़ने पर गांधी नगर मोड़ से गांधी सर्किल और आरबीआई कट से गणेश मंदिर की ओर यातायात डायवर्ट किया जाएगा। इसी तरह जेडीए चौराहे से रामबाग चौराहे की ओर आने वाले सामान्य वाहनों को गांधी सर्किल और त्रिमूर्ति सर्किल की ओर मोड़ा जाएगा। स्टैच्यू सर्किल से पोलो सर्किल की ओर जाने वाले यातायात को भी आवश्यकता अनुसार वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। पंकज सिंहवी मार्ग से विधानसभा तिराहे के बीच भी ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। इन मार्गों पर रहेगा सबसे ज्यादा दबाव मैच के दौरान गांधी नगर मोड से नारायण सिंह तिराहा तक टोंक रोड, जेडीए चौराहे से रामबाग चौराहा, पोलो सर्किल से 22 गोदाम तक भवानी सिंह रोड, स्टैच्यू सर्किल से पोलो सर्किल तक भगवान दास रोड, जनपथ, पंकज सिंहवी मार्ग और कलेक्ट्री मार्ग पर यातायात का दबाव अधिक रहने की संभावना है। ट्रैफिक पुलिस ने आमजन से इन मार्गों से बचने और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की अपील की है। स्टेडियम के चारों ओर रहेगा नो-पार्किंग जोन मैच के दौरान एसएमएस स्टेडियम के चारों ओर का पूरा क्षेत्र नो-पार्किंग जोन घोषित किया गया है। गांधी नगर मोड से नारायण सिंह तिराहा, टोंक रोड, रामबाग सर्किल से 22 गोदाम सर्किल तक भवानी सिंह रोड, स्टैच्यू सर्किल से विधानसभा तिराहा, विधानसभा तिराहे से फ्रूट मंडी कट और टोंक रोड तक पंकज सिंहवी मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। भारी वाहनों का प्रवेश रहेगा प्रतिबंधित क्रिकेट मैच समाप्त होने तक जयपुर शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि एम्बुलेंस और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को निर्बाध आवागमन की अनुमति रहेगी। मैच के दौरान रोडवेज बसों का संचालन नारायण सिंह तिराहा, पृथ्वीराज टी-पॉइंट, पृथ्वीराज रोड, स्टैच्यू सर्किल, पार्क प्राइम और चौमूं हाउस चौराहे से किया जाएगा।