डीग जिले के कामा उपखंड स्थित धीलावटी गांव में ग्रामीण सड़क की बदहाल स्थिति सामने आई है। बारिश के कारण सड़क दलदल में बदल गई है, जिससे स्कूली बच्चों को कीचड़ भरे रास्ते से होकर स्कूल जाना पड़ रहा है। इस संबंध में एक वीडियो सामने आया है, जिसमें बच्चे उपखंड अधिकारी (एसडीएम) कामा से सड़क बनवाने की अपील कर रहे हैं। वीडियो में साफ दिख रहा है कि बारिश के बाद गांव का संपर्क मार्ग पूरी तरह कीचड़ और दलदल से भर गया है। बच्चों को इसी फिसलन भरे रास्ते से गुजरना पड़ता है, जिससे उनके कपड़े और जूते खराब हो जाते हैं। साथ ही, गिरने और चोट लगने का खतरा भी बना रहता है। वीडियो में बच्चे मासूमियत से एसडीएम से कह रहे हैं, "एसडीएम अंकल, हमारा रोड बनवा दो।" बच्चों की इस अपील ने लोगों का ध्यान खींचा है। सोशल मीडिया पर भी प्रशासन से इस समस्या पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग उठ रही है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार धीलावटी का यह संपर्क मार्ग कई वर्षों से जर्जर हालत में है। हर बरसात में ऐसी ही स्थिति बन जाती है, लेकिन अब तक सड़क निर्माण के लिए कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क का पक्का निर्माण कराने की मांग की है, ताकि बच्चों और अन्य ग्रामीणों को राहत मिल सके।