देशभर में डॉक्टर्स के खिलाफ बढ़ती हिंसा को रोकने के लिए सीकर में एक शॉर्ट फिल्म-FARZ बनाई गई है। ये फिल्म डॉक्टर्स डे पर 1 जुलाई को ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होगी। फिल्म में डॉक्टर्स-मरीजों के बीच टूटते विश्वास और हिंसा बढ़ने के चलते डॉक्टर्स के मानसिक खौफ को दिखाया गया है। सीकर की टीम ने फिल्म में किया काम प्रोड्यूसर डॉ. अजय जैन ने बताया कि 42 मिनट की इस फिल्म को सिर्फ सीकर में ही शूट किया गया है। दोनों लीड कलाकारों के अलावा पूरी प्रोडक्शन व क्रिएटिव टीम भी सीकर से ही है। इस शॉर्ट फिल्म को रिलीज से पहले ही 14वें कोलकाता इंटरनेशनल शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल में बेस्ट स्क्रीन प्ले और 19वें अयोध्या फिल्म फेस्टिवल में 2nd बेस्ट लॉन्ग शॉर्ट फिल्म का अवॉर्ड मिल चुका है। फिल्म में न्यूरोसर्जन (डॉक्टर) के लीड रोल में नीरज सैदावत और उनकी बेटी के रोल में चाइल्ड आर्टिस्ट अद्विका ने एक्टिंग की है। डॉक्टर्स के खिलाफ बढ़ती हिंसा पर बेस्ड है फिल्म डॉ. अजय जैन ने कहा कि ये शॉर्ट फिल्म डॉक्टरों के खिलाफ हिंसा रोकना थीम पर बेस्ड है। डॉक्टर्स के खिलाफ बढ़ती हिंसा की वजह से सोसाइटी को नुकसान हो रहा है। डॉक्टर्स को भगवान मानने की बजाय डॉक्टर्स को सिर्फ इंसान मानने की जरूरत है, क्योंकि डॉक्टर्स भी समाज का हिस्सा हैं। कोई भी डॉक्टर मरीज के साथ खिलवाड़ करना नहीं चाहता है। डॉक्टर का पहला लक्ष्य होता है कि मरीज स्वस्थ हो, इस शॉर्ट फिल्म-FARZ के जरिए यही अपील की गई है।