सीकर जिले में 12 साल के बच्चे के साथ कुकर्म का मामला सामने आया है। गांव का ही रहने वाला आरोपी युवक बच्चे को अपने साथ लेकर गया था। घटना के बारे में किसी को बताने पर मां को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है। 40 साल की विधवा महिला ने पुलिस थाने में शिकायत देकर बताया कि 1 और 2 अप्रैल की शाम को उनके 12 साल के बेटे को गांव का ही रहने वाला युवक अपने साथ बहला-फुसलाकर एक झोपड़ी में लेकर गया था। उसने बेटे के साथ कुकर्म किया। घटना के बाद बेटा डर गया और गुमसुम रहने लगा। परिवार ने पूछा तो आपबीती बताई। पुलिस ने पॉक्सो सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज करके इन्वेस्टिगेशन शुरू कर दिया है। 16 साल की नाबालिग से भी छेड़छाड़ सीकर जिले में ही 16 साल की नाबालिग लड़की से भी छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। लड़की के नाना ने पुलिस में शिकायत देकर बताया कि उनके गांव का ही रहने वाला आरोपी युवक उनकी दोहिती को अकेली देखकर छेड़छाड़ करने लगा। ऐसे में दोहिती वहां से चली आई। जब परिवार ने लड़के को उलाहना दिया तो आरोपी युवक ने उनके साथ मारपीट की।