सीकर में एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से आज सुबह से घने बादल छाए रहे, करीब साढ़े 8 बजे से जिला मुख्यालय समेत अलग-अलग हिस्सों में रुक-रुककर बारिश का दौर शुरु हो गया है। सोमवार शाम को नया वेदर सिस्टम एक्टिव होने‌ के बाद हल्की बूंदाबांदी हुई थी। बीती रात हवा में ठंडक रही, आज सुबह से बारिश का दौर शुरु‌ हो गया है। मौसम विभाग ने आज सीकर जिले में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। सीकर में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से मौसम बदला हुआ है। घने बादलों की वजह से हल्का अंधेरे जैसा मौसम है। सीकर जिला मुख्यालय पर भी रुक-रुक कर बारिश हो रही है। जिलेभर में बारिश की वजह से किसानों की परेशानी बढ़ गई है, बेमौसम की बारिश से पकी हुई फसल में ज्यादा खराबे की संभावना बढ़ गई है। अगले 24 घंटे सीकर में बारिश का मौसम रहेगा। बात करें सीकर के तापमान की तो जिले के फतेहपुर में स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र पर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र पर आज सुबह का न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, इससे पहले सोमवार को अधिकतम तापमान 31.3 और न्यूनतम तापमान 17.9 डिग्री दर्ज किया गया था। पिछले एक सप्ताह से सीकर में दिन-रात के तापमान में भी लगातार बदलाव देखने को‌ मिल रहा है। जयपुर मौसम केंद्र के डायरेक्टर राधेश्याम शर्मा के अनुसार सीकर में बारिश के कारण तापमान में कमी आई है। 9 अप्रैल तक सीकर समेत शेखावाटी क्षेत्र के मौसम में लगातार परिवर्तन होगा, इस दौरान बादलों‌ की आवाजाही बनी रहेगी। आगामी 2 दिन बारिश और ठंडी हवाएं चलने का अनुमान है। 10 अप्रैल के बाद फिर से तापमान बढ़ सकता है।