गंगापुर सिटी-करौली सड़क मार्ग पर गुरुवार को हुए एक सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक महिला टीचर की मौत हो गई। इस दुर्घटना में उनका 17 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है। यह हादसा सलेमपुर और कुड़गांव के बीच हुआ। मृतक शिक्षिका की पहचान लाटा हाउस निवासी आशा मीणा (42) पत्नी मोहन मीणा के रूप में हुई है। वह गवर्नमेंट उच्च प्राथमिक स्कूल रुंडी कुड़गांव में हेडमास्टर के पद पर कार्यरत थीं और हाल ही में उनका लेक्चरर पद पर पदोन्नति भी हुआ था। घटना के दिन स्कूल में उनके सम्मान का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया था। आशा मीणा अपने बेटे कौशिक मीणा के साथ स्कूटी से स्कूल से घर लौट रही थीं। सलेमपुर के पास घाटी में एक तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मां-बेटा दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को एंबुलेंस की मदद से गंगापुर सिटी के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद आशा मीणा को मृत घोषित कर दिया। बेटे कौशिक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर कर दिया गया। आशा मीणा के शव को गंगापुर सिटी गवर्नमेंट हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।