बूंदी के डाबी क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, लाम्बाखोह में शिक्षकों की लापरवाही सामने आई है। आरोप है कि शिक्षक निर्धारित समय से पहले ही स्कूल छोड़कर चले गए और कक्षा-कक्षों को बिना ताला लगाए खुला छोड़ दिया। इस लापरवाही के कारण लाखों रुपए मूल्य का फर्नीचर और इलेक्ट्रिक उपकरण असुरक्षित स्थिति में पड़े रहे। इससे स्कूल परिसर में चोरी या नुकसान की आशंका बढ़ गई है। शिक्षकों की लापरवाही पर लोगों में रोष घटना से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। जागरूक ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना जिम्मेदारों का कर्तव्य है, लेकिन ऐसी लापरवाही चोरी जैसी घटनाओं को न्योता देती है। ग्रामीणों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तालेड़ा के सहायक ब्लॉक प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी को फोन पर सूचना देकर पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। 'संस्था प्रधान के ढुलमुल रवैये से बिगड़ रही व्यवस्थाएं' स्थानीय लोगों का आरोप है कि संस्था प्रधान सुनीता राठौर के ढुलमुल रवैये के कारण ही विद्यालय की व्यवस्थाएं बिगड़ रही हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में बड़ी घटना हो सकती है। लाम्बाखोह के ग्रामीण सुखदेव गुर्जर ने कहा कि विद्यालय जैसे सार्वजनिक स्थान पर जहां सरकारी संपत्ति रखी हो, वहां इस तरह की लापरवाही अक्षम्य है। अगर कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संस्था प्रधान की होगी। शिक्षा विभाग को मामले की जांच कर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। 'नोटिस देकर कार्रवाई करेंगे' सहायक ब्लॉक प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी तालेड़ा शिवचरण मीणा ने बताया कि यह मामला उनकी जानकारी में नहीं था, लेकिन ग्रामीणों द्वारा शिकायत की गई है। उन्होंने कहा कि नियमानुसार संस्था प्रधान को नोटिस देकर उचित कार्रवाई की जाएगी। कंटेंट: शंकर सिंह, डाबी।