उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र में देर रात चोरों चार मंदिरों को निशाना बनाया। बदमाशों ने नांदेशमा गांव के जैन मंदिर, महादेव मंदिर, ठाकुर मंदिर और चामुंडा माता मंदिर के ताले तोड़ दिए। एक ही रात में धार्मिक स्थलों पर हुई वारदात से ग्रामीणों में भारी गुस्सा और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी है। चोर मंदिरों से गुल्लक और दानपात्र तोड़कर पैसा ले गए। चामुंडा माता मंदिर में मूर्ति से चांदी का हार खुला मिलने से संभावना जताई जा रही है कि इसे नकली समझकर चोर वहीं छोड़ गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें चोर वारदात को अंजाम देते दिख रहे हैं। किराना दुकान से माल और ठेकेदार की बाइक भी चोरी इसी दौरान चोरों ने मंदिर से करीब 3 किमी दूरी पर पानेर के थोब स्थित एक किराना दुकान को भी निशाना बनाया। किराना व्यापारी हीरालाल पुत्र केसाराम गमेती की दुकान से माल चोरी कर लिया। वहीं, जल ग्रहण परियोजना के एक ठेकेदार की बाइक भी बदमाश चुराकर फरार हो गए। वारदात के दौरान नांदेशमा के जैन मंदिर में लगे CCTV कैमरों में दो संदिग्ध बदमाश कैद हुए हैं। सूचना मिलने पर सायरा थाना पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची। घटनास्थलों का मौका मुआयना किया और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। एक ही रात में मंदिरों, दुकान और बाइक चोरी की घटनाओं ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पानेर सरपंच प्रतिनिधि शंकर लाल भील ने बताया कि रात में प्रभावी पुलिस गश्त नहीं होने के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार करने की मांग की है।