नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर SI भर्ती से जुड़ी है। SI भर्ती-2021 रद्द ही रहेगी। हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने सिंगल बेंच के फैसले को बरकरार रखा है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा... पहले टॉप 5 खबरें
1. SI भर्ती-2021 रद्द ही रहेगी, एकलपीठ का फैसला बरकरार
एसआई-2021 रद्द ही रहेगी। हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने सिंगल बेंच के आदेश को बरकरार रखा है। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश एसपी शर्मा की खंडपीठ ने चयनित अभ्यर्थियों और सरकार की अपीलों पर फैसला सुनाया। इसके साथ ही RPSC के खिलाफ लिए गए स्वप्रेरित प्रसंज्ञान को रद्द कर दिया है। पूरी खबर पढ़ें 2. SUV ने भाई-बहन, भांजे को रौंदा, तीनों की मौत
भरतपुर में तेज रफ्तार SUV कार भाई-बहन और भांजे को रौंदती हुई निकल गई। मां-बेटे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मामा की मौत हो गई। कार करीब 150 मीटर तक बाइक को घसीटती ले गई। हादसे के बाद ड्राइवर मौके पर कार छोड़कर फरार हो गया। पूरी खबर पढ़ें 3. चंदन के पेड़ों की चोरी, 90 लाख की वसूली का आदेश
जयपुर के रामनिवास बाग से रियासतकालीन चंदन के पेड़ों की चोरी के मामले में CAG ने कड़ा रुख अपनाया। कैग ने अपनी ऑडिट रिपोर्ट में इस पूरी घटना को 'लीपापोती' करार देते हुए जिम्मेदारों से 90 लाख रुपए की वसूली और सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं। पूरी खबर पढ़ें 4. पत्नी की हत्या कर रातभर शव के पास बैठा रहा
जयपुर में पत्नी की हत्या कर पति रातभर शव के पास बैठा रहा। पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। पति ने चाकू से पत्नी का गला रेत दिया। जान बचाने लिए पत्नी ने भागने की कोशिश की, जिससे कमरे की दीवार-फर्श पर जगह-जगह खून फैल गया। पूरी खबर पढ़ें 5. राजस्थान में बारिश के साथ ओले गिरे
राजस्थान में शनिवार को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से दोपहर बाद मौसम बदला। इस दौरान कोटा, टोंक, बूंदी और श्रीगंगानगर में बारिश के साथ ओले गिरे। अचानक बदले मौसम से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन फसलों को नुकसान हुआ है। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें
6. पत्नी ने घर में लगाया फंदा, पति ट्रेन के आगे कूदा
झुंझुनूं जिले में घरेलू विवाद के कारण पत्नी ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। जैसे ही इसकी जानकारी पति को मिली तो उसने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। पति ने मरने से पहले इंस्टाग्राम पर लिखा- तेरे बिना नहीं रह सकता, मैं आ रहा हूं। पूरी खबर पढ़ें 7. एक्सप्रेस-वे पर ट्रेलर में कार घुसी, SI की मौत
जयपुर-बांदीकुई एक्सप्रेसवे पर आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से कार जा घुसी। हादसे में करौली के सपोटरा थाने में तैनात SI हनुमान मीणा (55) की मौत हो गई, जबकि 2 कॉन्स्टेबल सहित तीन लोग घायल गए। सभी घायलों को दौसा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। पूरी खबर पढ़ें 8. रेस देखने आई भीड़ में घुसे घोड़े, 3 घायल
जालोर में घोड़ों की रेस देखने आए लोगों की भीड़ में 2 घोड़े घुस गए। घुड़सवारों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन घोड़े काबू में नहीं आए। इस दौरान 3 लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। 1 घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है
9. घर में घुसकर बेड पर चढ़ा सांड, वजन से टूटा
अजमेर के गुलाबबाड़ी इलाके में 2 सांड झगड़ने लगे। इस दौरान एक घर का गेट खुला होने पर सांड उसमें घुस गया और बेड पर चढ़कर गंदगी फैला दी। सांड के बेड पर चढ़ने से बेड टूट गया। करीब 1 घंटे तक सांड घर से बाहर नहीं निकला। घरवालों ने रोटियां खिलाई तो बाहर निकला। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास
10. एसआई भर्ती परीक्षा-2025 कल से
RPSC की ओर से आयोजित एसआई भर्ती परीक्षा-2025 कल से शुरू होगी। 2 दिन 2 पारियों में ये परीक्षा होगी। एग्जाम में करीब 7.70 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिनके लिए प्रदेश के 41 शहरों में 1174 केंद्र बनाए गए हैं।