भीलवाड़ा में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार पिता-बेटी को टक्कर मार दी। हादसे में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल हुई है। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मृतक के शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी भिजवा कर जांच शुरू की। मामला कोटड़ी थाना क्षेत्र के देवरिया गांव का है, यहां आज एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि उसकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा मिट्टी से भरे तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से हुआ। पिता की मौके पर मौत, बेटी घायल पुलिस के अनुसार, अरनियारासा निवासी रामपाल (35) अपनी 5 साल की बेटी गुड़िया के साथ बाइक पर गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान देवरिया गांव के निकट बेकाबू ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में रामपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी घायल हो गई। घायल बालिका को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद ड्राइवर फरार हादसे के बाद ड्राइवर ट्रैक्टर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर कोटड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मॉर्च्युरी में भिजवाया और ट्रैक्टर जब्त कर ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में तेज गति से दौड़ रहे मिट्टी और बजरी से भरे वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई करने की मांग की है।