सीकर के राधाकिशनपुरा इलाके में 13 महीने से सड़क को चौड़ा करने का काम जारी है। टूटी सड़कों और पूरे दिन उड़ती धूल से परेशान लोगों ने आज सुबह 9 बजे से अंडरपास को जाम कर दिया है। गर्मी और तेज धूप में एक घंटे तक लोग सड़क पर धरने पर बैठ गए। लोगों का कहना था कि जब तक डेडलाइन नहीं मिलेगी, तब तक सड़क पर ही बैठे रहेंगे। जाम की सूचना मिलने पर उद्योग नगर थाना पुलिस और नगर परिषद की टीम मौके पर पहुंची। एक महीने में काम पूरा होने का आश्वासन दिया। तब जाकर लोग माने। लोग बोले- एलर्जी की समस्या हो रही धरने पर बैठे दिनेश ने बताया राधाकिशनपुरा इकलौता ऐसा एरिया है, जहां सड़क को 40 फीट चौड़ा करने के लिए लोगों ने खुद अपने मकान के हिस्सों को तोड़ा। इसके बावजूद काम में ढिलाई बरती जा रही है। ठेकेदार भी अपनी मनमानी करते हैं। जब चाहे काम शुरू करते हैं और जब चाहे रोक देते हैं। पूरे दिन धूल उड़ती रहती है, जिससे एलर्जी जैसी समस्याएं होने लगी है। धरने पर बैठे विकास ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार नगर परिषद के अधिकारियों को बताया गया। अधिकारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते हुए इतिश्री कर देते है। आरटीओ ऑफिस 8 किमी लंबा चक्कर लगाकर जाते बता दें कि सीकर में राधाकिशनपुरा एरिया में सड़क को 40 फीट चौड़ा करने को लेकर पिछले करीब 13 महीने से काम जारी है। इस एरिया की आबादी करीब 30 हजार के लगभग है। यह रास्ता शहर को आरटीओ ऑफिस से जोड़ने वाला रास्ता है। काम चलने की वजह से लोगों को करीब 7 से 8 किलोमीटर लंबा चक्कर लगाने के बाद आरटीओ ऑफिस पहुंचना पड़ता है।