डूंगरपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र के वीरपुर गांव में शनिवार सुबह एक युवक का शव उसके घर में फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की पत्नी ने पति की मौत पर जांच की मांग की है। कोतवाली थाना एसआई भारत कुमार ने बताया कि वीरपुर निवासी बबली माल ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार उसके पति दिनेश माल को शराब पीने की लत थी। बबली ने बताया कि दिनेश शनिवार सुबह शराब पीकर घर आया और घर में एक लकड़ी के पाट (तख्ते) और साड़ी का उपयोग कर फंदा लगा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बच्चों ने शव को फंदे पर लटका देखा और आवाज लगाई, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और डूंगरपुर अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पत्नी की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।