बंगाल की खाड़ी में बने डिप्रेशन सिस्टम से राजस्थान में एक बार फिर मानसून एक्टिव होगा। इस सिस्टम का असर सोमवार से प्रदेश के पूर्वी जिलों में देखने को मिलेगा। भरतपुर, जयपुर, कोटा, अजमेर और उदयपुर संभाग के जिलों में बारिश हो सकती है। 10 जिलों में आज बारिश का यलो अलर्ट है। कोटा, उदयपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में 29 और 30 जुलाई को भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक इस सिस्टम का असर राजस्थान में 1-2 अगस्त तक रह सकता है। इससे पहले रविवार को बाड़मेर, जैसलमेर और पाली जिले में बारिश हुई। वहीं पिछले 24 घंटे में राज्य के पश्चिमी जिलों को छोड़कर अधिकांश स्थानों पर मौसम ड्राई रहा। जालोर, बाड़मेर, सिरोही, अजमेर और भरतपुर में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हुई। अजमेर के पास जवाजा में 43 MM, सिरोही के माउंट आबू में 37.2, राजसमंद जिले के कुंवारिया में 28, बाड़मेर के चौहटन में 28.5, धनाऊ में 23, डीग के सीकरी में 25 और जालोर के रानीवाड़ा, सांचौर में 12-12 MM बरसात दर्ज की गई। जोधपुर, जैसलमेर, झालावाड़ समेत कुछ जिलों में बूंदाबांदी हुई। सबसे पहले- प्रदेश में बारिश की स्थिति राजस्थान के मौसम की PHOTOS… मानसून की बड़ी अपडेट्स पारा 4 डिग्री तक चढ़ा बारिश का दौर कमजोर होने, धूप निकलने के कारण अधिकतम तापमान में 4 डिग्री तक बढ़ोतरी हो गई। इससे कई शहरों में गर्मी के साथ उमस बढ़ गई। श्रीगंगानगर में रविवार को सबसे ज्यादा पारा रहा। यहां अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बीकानेर में 38, फलोदी में 37.4, जैसलमेर में 36.7, पिलानी (झुंझुनूं) में 36.2, चूरू में 36.4, दौसा में 36.6, हनुमानगढ़ में 35.4, करौली में 35.1, बाड़मेर में 35.1, अलवर में 35.5, टोंक में 33.6 और जोधपुर में 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। ये शहर सबसे ज्यादा गर्म आगे कैसा रहेगा मौसम प्रदेश के प्रमुख शहरों में मौसम का हाल जयपुर: राजधानी जयपुर में रविवार को मौसम ड्राई रहा। दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही के साथ तेज धूप खिली रही, जिससे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालांकि, जयपुर के ग्रामीण इलाकों में मौसम थोड़ा अलग रहा। शाहपुरा में 5 और आंधी क्षेत्र में 1 मिमी बारिश दर्ज की गई। कोटा: जिले में बारिश का दौर थमने के बाद गर्मी और उमस बढ़ गई है। रविवार को दिनभर धूप-छांव का खेल चलता रहा, लेकिन अधिकांश समय तेज धूप ही प्रभावी रही। गुरुवार और शुक्रवार की बारिश के बाद से मौसम ड्राई बना हुआ है। शनिवार को हुई रिमझिम बारिश से भी तापमान में कोई खास गिरावट नहीं आई। रविवार को अधिकतम तापमान 31.3 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अब 28 जुलाई के बाद ही मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। अजमेर: जिले में रविवार को मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हाल ही में हुई बारिश के कारण गोविंदगढ़ बांध पर चादर चल गई। इस साल मानसून में सामान्य औसत 183 MM से 62% ज्यादा 301.2 MM बारिश हो चुकी है। हालांकि यह पिछले साल की तुलना (617 मिमी) में आधी भी नहीं है। पिछले साल जून-जुलाई में जहां 33 दिन बारिश हुई थी, वहीं इस बार सिर्फ 14 दिन ही पानी बरसा है। उदयपुर: जिले में रविवार का मौसम बेहद खुशनुमा रहा। सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे। अलसुबह के साथ-साथ दिन में भी हल्की बारिश दर्ज की गई। दिनभर ठंडी हवा चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने क्षेत्र में आने वाले समय में तेज बारिश की संभावना जताई है। जोधपुर: जिले में रविवार को मौसम काफी हद तक राहत भरा रहा। यहां अधिकतम तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री कम यानी 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य के आसपास ही था। रविवार को शहर के कई इलाकों में हुई हल्की बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दिलाई। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए भी जोधपुर में बारिश का अलर्ट जारी किया है। सीकर: जिले में तेज धूप रही। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में सीकर जिले में बारिश होने की अच्छी संभावना बनी हुई है। अलवर: जिले में रविवार सुबह से ही तेज धूप खिली रही। हालांकि बीच-बीच में बादलों ने डेरा डाला, लेकिन बारिश न होने के कारण लोगों को भारी उमस का सामना करना पड़ा। हवा की गति थमने से गर्मी का असर और बढ़ गया, जिससे अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, आने वाले दिनों में हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद जताई गई है।