अलवर के राजगढ़ थाना क्षेत्र के माचाड़ी गांव के पास सोमवार देर शाम सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार बोलेरो कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान अलवर जिला अस्पताल में युवक की मौत हो गई। मृतक के भाई रामनिवास ने बताया कि ईशवाना गांव निवासी लक्ष्मण मीणा (32) पुत्र लालजी मीणा रोजाना की तरह राजगढ़ स्थित फैक्ट्री से मजदूरी कर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान माचाड़ी गांव के समीप तेज रफ्तार बोलेरो कार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को तुरंत राजगढ़ अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।