पंचायत-निकाय चुनाव से पहले सरकार युवाओं को साधने के लिए खेलों का सहारा लेने जा रही है। इसे लेकर सीएम भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को युवा सुयोग कार्यक्रम लॉन्च किया। कार्यक्रम के तहत वार्ड और पंचायत स्तर पर क्रिकेट, वॉलीबॉल, कबड्डी और फुटबॉल जैसे खेलों का आयोजन होगा। खेलों में हिस्सा लेने के लिए युवाओं को युवा सुयोग प्लेटफॉर्म पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा। सीएमआर में लॉन्चिंग के मौके पर सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा- हम युवाओं पर नीतियां सौंपेंगे नहीं, बल्कि उनके खेल के आधार पर खेल की नीतियां तैयार करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा- प्रदेश के युवाओं की शक्ति को सामर्थ्य में बदलने के लिए युवा सुयोग प्लेटफॉर्म सही अवसर और सही मंच उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा- शहर में वार्ड और गांवों में पंचायत स्तर पर खेलों का आयोजन होगा। वहीं इसमें विजेता रहने वाली टीमें विधानसभा क्षेत्र स्तर पर अपना हुनर दिखाएंगी और युवाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। जिला स्तर पर बनेंगे क्लब युवा सुयोग कार्यक्रम के तहत सरकार प्रदेश के हर गांव, हर वार्ड के युवाओं की टैकिंग करेगी। जिला स्तर पर सुयोग युवा क्लब स्थापित किए जाएंगे। इनमें सुयोग प्लेटफॉर्म पर रजिस्ट्रेशन करने वाला प्रत्येक युवा सदस्य होगा। ये जिला क्लब ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत स्तर और शहरी क्षेत्रों में वार्ड स्तर के युवा क्लबों से जुड़ेंगे। बगरू विधानसभा क्षेत्र और बारां जिले से पायलट प्रोजेक्ट के रूप में मंगलवार को इसकी शुरुआत की गई। सीएम ने कहा- इसके लिए स्कूल, कॉलेज और पंचायत और वार्ड के खेल मैदानों की डिजिटल पहचान भी की जाएगी। युवाओं के सुझावों को बजट में किया शामिल सीएम ने कहा- युवाओं को खेलने का मौका मिलता रहे और उनकी रुचि विकसित हो। इसके लिए राज्य सरकार काम कर रही है। गांव से लेकर कस्बों तक खेल सुविधाओं और सेवाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है। सरकार युवाओं से विभिन्न विषयों पर संवाद कर उनके सुझावों को बजट में शामिल कर रही है। उन्होंने कहा- राज्य सरकार प्रदेश में हर क्षेत्र में कार्य करते हुए युवाओं को सफलता की पहली से लेकर अंतिम सीढ़ी तक की यात्रा में पूर्ण सहयोग कर रही है।