अजमेर में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कहा- साइलेंट कहां कर रखा है? कल जोधपुर में बोल रहे थे, आज अजमेर में बोल रहे हैं, कल जयपुर में बोलेंगे। साइलेंट नहीं कर रखा। हमें तो वोकल कर रखा है, 'वोकल फॉर लोकल' हैं हम। अजमेर के मेडिकल कॉलेज सभागार में मंगलवार को राठौड़ ने पार्टी में खुद को साइलेंट किए जाने के सवाल पर चुटीले अंदाज में यह जवाब दिया। भाजपा युवा मोर्चा की ओर से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती स्मरण पक्ष के तहत ‘छात्र-युवा सम्मेलन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। आरपीएससी में चयन प्रक्रिया चल रही… आरपीएससी अध्यक्ष और आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर पूछे गए सवाल पर राजेंद्र राठौड़ ने कहा- चयन प्रक्रिया चल रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सभी तथ्यों से अवगत हैं। उन्होंने कहा- हाल ही आरपीएससी में जिन सदस्यों की नियुक्ति हुई है, उनके बायोडाटा और योग्यता को देखने पर स्पष्ट होता है कि वे विभिन्न क्षेत्रों के शिक्षाविद हैं और उनकी ईमानदारी पर कोई सवाल नहीं है। उन्होंने दावा किया कि आरपीएससी की पवित्रता बनाए रखने के लिए वर्तमान सरकार ने अभूतपूर्व काम किया है। राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव नहीं होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मामला कोर्ट में विचाराधीन है, इसलिए इस पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा। 2047 तक विकसित भारत का संकल्प राजेंद्र राठौड़ ने कहा- डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर पूरे प्रदेश और देश में युवा मोर्चा विचार, संकल्प और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी को लेकर अभियान चला रहा है। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में युवाओं ने साल 2047 तक भारत को दुनिया का सिरमौर बनाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में अपना योगदान देने का संकल्प लिया। बीजेपी में सबसे बड़ा पद कार्यकर्ता का अपनी राजनीतिक भूमिका को लेकर पूछे गए सवाल पर राठौड़ ने कहा- मैंने हमेशा एक साधारण और जमीनी कार्यकर्ता के रूप में काम किया है और आगे भी उसी भूमिका में काम करता रहूंगा। युवाओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा- भाजपा में सबसे बड़ा पद कार्यकर्ता का होता है। युवाओं को शॉर्टकट की राजनीति से बचकर सिद्धांतों के साथ संगठन में काम करना चाहिए। पार्टी हर कार्यकर्ता के काम को देखती है और उचित समय पर योग्य लोगों को अवसर मिलता है। राजनीतिक नियुक्तियों पर यह बोले राठौड़ धनबल और बाहुबल के प्रभाव को लेकर पूछे गए सवाल पर राजेंद्र राठौड़ ने कहा- यह भाजपा की संस्कृति नहीं है। भाजपा में धनबल या बाहुबल नहीं, बल्कि संगठन बल और विचार बल चलता है। लगातार मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं को ही आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर उन्होंने कहा- कुछ नियुक्तियां हो चुकी हैं। बाकी नियुक्तियां मुख्यमंत्री के विवेकाधिकार का विषय हैं, इसलिए वही इस पर बेहतर बता सकते हैं। इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शंकर गौरा, देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाणा सहित अन्य भाजपा नेता शामिल हुए।