बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव रविवार को जयपुर के प्रसिद्ध गोविंद देव जी मंदिर पहुंचे। राजपाल यादव ने ठाकुर जी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। जैसे ही एक्टर के मंदिर पहुंचने की सूचना लोगों को मिली, उन्हें देखने और फोटो खिंचवाने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और प्रशंसक उमड़ पड़े। पुलिस की सुरक्षा में उन्हें मंदिर के दर्शन कराए गए और भीड़ से निकालकर कार तक पहुंचाया गया। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों और मंदिर प्रशासन को व्यवस्था बनाए रखने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बावजूद, भीड़ के बीच भी राजपाल यादव ने अपने प्रशंसकों का अभिवादन किया और मुस्कुराते हुए उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं। राजपाल यादव ने मंदिर में विधिवत दर्शन करने के बाद गोविंद देव जी मंदिर प्रशासन और पुजारियों से भी मुलाकात की। उन्होंने मंदिर की परंपराओं और आध्यात्मिक वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि जयपुर आने पर गोविंद देव जी के दर्शन करना उनके लिए हमेशा एक विशेष अनुभव होता है। एक्टर राजपाल यादव को फैंस ने घेरा, देखिए PHOTOS… जयपुर में की थी 'भूत बंगला' की शूटिंग राजपाल यादव इन दिनों एक निजी कार्यक्रम के सिलसिले में जयपुर आए हुए हैं। हाल ही में उन्होंने यहां बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार के साथ फिल्म 'भूत बंगला' की शूटिंग भी पूरी की थी। शूटिंग के दौरान शहर के विभिन्न हिस्सों में उनकी मौजूदगी ने प्रशंसकों का ध्यान खूब आकर्षित किया था। बॉलीवुड में राजपाल यादव पिछले दो दशकों से अपनी दमदार कॉमिक टाइमिंग और अनोखी अभिनय शैली के लिए जाने जाते हैं। 'हंगामा', 'भूल भुलैया', 'चुप चुप के', 'फिर हेरा फेरी', 'गरम मसाला', 'भागम भाग', 'मालामाल वीकली', 'ढोल' और 'भूल भुलैया 2' जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में उन्होंने अपनी बेहतरीन अदाकारी का लोहा मनवाया है। हास्य भूमिकाओं के साथ-साथ गंभीर किरदारों में भी उन्होंने अपनी एक अलग पहचान बनाई है। हालांकि, पिछले दिनों वे एक पुराने कानूनी मामले को लेकर भी चर्चा में रहे थे, जिसमें अदालत ने उन्हें तीन महीने की सजा सुनाई थी। इस कानूनी उतार-चढ़ाव के बावजूद, वे अपने पेशेवर काम में पूरी तरह सक्रिय हैं और लगातार फिल्मों व विभिन्न आयोजनों में हिस्सा ले रहे हैं।