जयपुर में आगामी 23 से 25 मई तक आयोजित होने वाले ग्लोबल राजस्थान एग्रीटैक मीट-2026 (ग्राम-2026) के प्रचार-प्रसार को लेकर राजसमंद जिले में जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत ग्राम रथों के माध्यम से गांव-गांव जाकर किसानों और ग्रामीणों को कृषि एवं किसान कल्याण योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। 15 मई तक चलेगा अभियान जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों राजसमंद, नाथद्वारा, कुंभलगढ़ और भीम में यह अभियान 15 मई तक संचालित रहेगा। ग्राम रथ बडारडा, पीपरडा, फरारा, कूकड़ा, बली, रामपुर, सालोर, मण्डियाणा सहित गांवों से गुजरते हुए ग्रामीणों को आधुनिक कृषि तकनीक, प्राकृतिक खेती, नवाचार और कृषि आधारित उद्यमिता के बारे में जागरूक कर रहे हैं। नुक्कड़ नाटक से दे रहे संदेश अभियान की खास बात यह है कि ग्राम रथों के साथ लोक कलाकार भी शामिल हैं, जो लोकगीतों और नुक्कड़ प्रस्तुतियों के जरिए संदेश दे रहे हैं। इससे ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिल रहा है और जानकारी रोचक तरीके से पहुंचाई जा रही है। जानकारी के अनुसार ग्राम-2026 कृषि क्षेत्र में निवेश, तकनीक और नवाचार का बड़ा मंच होगा। ग्रामीणों को इसमें भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अभियान को गांवों में सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और किसान नई जानकारी के प्रति उत्साहित नजर आ रहे हैं।