श्रीगंगानगर जिले की रामसिंहपुर पुलिस और एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त कार्रवाई की है। टीम ने मंगलवार को रामसिंहपुर क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान 20 किलो 300 ग्राम अवैध डोडा पोस्त के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। तस्करी में इस्तेमाल हो रही कार को भी जब्त किया गया है। एसपी हरी शंकर ने बताया- रामसिंहपुर थाना प्रभारी अजय कुमार अपनी टीम के साथ नियमित गश्त कर रहे थे। इसी दौरान एएनटीएफ के कॉन्स्टेबल अवतार सिंह से सूचना मिली कि दो युवक एक कार में अवैध डोडा पोस्त लेकर इलाके से गुजर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत रामसिंहपुर क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी और संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी। नाकाबंदी के दौरान टीम ने एक संदिग्ध कार को रोका। तलाशी लेने पर कार में सवार दोनों व्यक्तियों के पास से भारी मात्रा में अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान अमरजीत सिंह (42), निवासी 26 जीबी हरिपुरा, श्रीविजयनगर और लालचंद (33), निवासी 33 जीबी, श्रीविजयनगर के रूप में हुई। बरामदगी के तुरंत बाद दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पूरे ऑपरेशन में थाना प्रभारी अजय कुमार, एएसआई जयपाल, हेड कॉन्स्टेबल राजेश कुमार, कॉन्स्टेबल सुदेश कुमार, कॉन्स्टेबल जयपाल, कॉन्स्टेबल रुग्बीर सिंह, कॉन्स्टेबल धर्मपाल, कॉन्स्टेबल राकेश कुमार और एएनटीएफ के कॉन्स्टेबल अवतार सिंह की विशेष भूमिका रही।