चौथ का बरवाड़ा तहसील क्षेत्र के रामसिंहपुरा गांव में पिछले कुछ दिनों से लगातार जंगली जानवर का आतंक बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लेपर्ड होने से बार-बार ऐसी घटनाएं सामने आ रही है। वहीं दूसरी ओर वन विभाग की ओर से अभी तक लेपर्ड होने की पुष्टि नहीं की है। शनिवार दोपहर एक जंगली जानवर के हमले में रामसिंहपुरा की एक महिला घायल हो गई। साथ ही जानवर के हमले में एक युवक भी घायल हो गया। घायल महिला को सवाई माधोपुर रेफर किया गया है और युवक को इलाज के बाद बरवाड़ा सीएचसी से छुट्टी दे दी गई। ग्रामीण बोले- जंगली जानवर का मूवमेंट है ग्रामीणों ने बताया कि रामसिंहपुरा गांव में पिछले कुछ दिनों से लगातार जंगली जानवर का मूवमेंट बना हुआ है। कुछ दिन पहले इसी गांव की एक बच्चे पर खेत में लेपर्ड जैसे जंगली जानवर ने हमला कर दिया था, जिससे वह घायल हो गया। शनिवार को दोपहर करीब 1 बजे जगदीशी (70) पत्नी मदन लाल मीणा घर में सो रही थी। इसी दौरान जंगली जानवर ने उस पर हमला किया और सिर समेत चेहरे पर पंजा मारा। चिल्लाने पर जंगली जानवर मौके से भाग गया। घायल अवस्था में महिला को बरवाड़ा सीएचसी लाने पर सवाई माधोपुर रेफर कर दिया गया। ग्रामीणों का कहना था कि जंगली जानवर लेपर्ड द्वारा हमला किया गया है। थोड़ी ही देर बाद इसी गांव के गोवर्धन मीणा को भी जंगली जानवर ने काट लिया। गोवर्धन ने बताया कि यह पागल सियार था। हालांकि गोवर्धन को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। मामले को लेकर वनपाल विजय सिंह ने बताया कि जंगली जानवर की अभी पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच की जा रही है।