अजमेर ग्रामीण की ग्राम पंचायत रसूलपूरा में जिला कलेक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में रात्रि चौपाल हुई। इसमें ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं बताई। कुल 37 शिकायत दर्ज कराई जिसमें सड़क, नाले, अतिक्रमण व अवैध जल कनेक्शन सहित अन्य समस्याएं थी। कुछ समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया, वहीं कुछ के लिए अफसरों को निर्देश दिए। जिला कलेक्टर लोक बंधु ने कहा कि गांवों में रात्रि चौपाल आयोजित करने का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को उनके बीच पहुंचकर समझना तथा विभागीय समन्वय के माध्यम से उनका पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आमजन को सुगम और प्रभावी जनसेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. अभिषेक गुप्ता, उपखंड अधिकारी पदमा देवी, तहसीलदार ओम सिंह लखावत, प्रशासक रामलाल भाटी, पूर्व जिला परिषद सदस्य श्रवण सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी तथा ग्रामीण उपस्थित रहे। ये समस्याएं मिली रात्रि चौपाल में ग्रामीणों ने जनहित एवं व्यक्तिगत महत्व से जुड़ी विभिन्न समस्याएं प्रस्तुत की। इनमें अतिक्रमण हटाने, मुख्य सड़क के दोनों ओर से झाड़ियां हटाने, वन विभाग के नाले की सफाई करने, अवैध नल कनेक्शन हटाने, पेयजल का उपयोग अन्य कार्यों के लिए रोकने, गैस पाइपलाइन डालने के उपरांत सड़क तुरंत मरम्मत करने, आबादी क्षेत्र विस्तार, नए आंगनबाड़ी भवन के लिए भूमि आवंटन के प्रस्ताव बनाने, विद्युत आपूर्ति में सुधार, संपर्क मार्गों की मरम्मत तथा नियमानुसार रास्ता खुलवाने जैसी प्रमुख समस्याएं शामिल रहीं।